
हनुमानगढ़ जंक्शन स्थित सर्किट हाउस में राष्ट्रीय युवक परिषद की एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष प्रवीण जैन ने की। इस बैठक में संगठनात्मक विस्तार पर चर्चा करते हुए संगरिया ब्लॉक का विस्तार किया गया तथा संगरिया अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी दिनेश जैन उर्फ मुन्ना को सौंपी गई। इसके साथ ही महासचिव पद पर पीके गुरुजी एवं उपाध्यक्ष पद पर टेक चन्द जैन को मनोनीत किया गया। बैठक के दौरान उपस्थित परिषद के सदस्यों ने नवनियुक्त पदाधिकारियों का माला पहनाकर स्वागत किया। इस अवसर पर संगरिया से वरिष्ठ नागरिक अशोक जैन भी विशेष रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम में संगठन की भावी योजनाओं एवं सामाजिक दायित्वों पर विस्तार से चर्चा की गई। जिलाध्यक्ष प्रवीण जैन ने अपने संबोधन में कहा कि दिनेश जैन एक मिलनसार व्यक्तित्व के धनी हैं, जो गौ-भक्ति, समाज सेवा और गरीबों के सुख-दुख में सदैव आगे रहते हैं। उनके राष्ट्रीय युवक परिषद में सक्रिय रूप से जुड़ने और संगरिया अध्यक्ष बनने से संगठन को नई दिशा और गति मिलेगी। उन्होंने दिनेश जैन को निर्देश दिया कि वे 15 दिनों के भीतर अपनी कार्यकारिणी का विस्तार कर उसकी रिपोर्ट परिषद कार्यालय में प्रस्तुत करें।
नवनियुक्त संगरिया अध्यक्ष दिनेश जैन ने आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे शीघ्र ही संगरिया कार्यकारिणी का गठन करेंगे। उन्होंने बताया कि आने वाले समय में समाज सेवा के साथ-साथ पशु एवं पक्षियों के संरक्षण के लिए ठोस कार्य किए जाएंगे। विशेष रूप से बेजुबान पक्षियों के लिए पीने के पानी की व्यवस्था हेतु परिंडे लगाए जाएंगे। बैठक के अंत में सभी सदस्यों ने संगठन को मजबूत करने और सेवा कार्यों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में परिषद के सभी सदस्य उपस्थित रहे
