
हनुमानगढ़ टाउन में पड़ रही भीषण गर्मी और लगातार चल रही लू को देखते हुए नगर परिषद हनुमानगढ़ द्वारा आमजन को राहत देने की दिशा में सराहनीय पहल की गई। नगर परिषद आयुक्त के निर्देशानुसार आज हनुमानगढ़ टाउन व जंक्शन के मुख्य बाजार क्षेत्रों में दमकल की मदद से पानी का छिड़काव किया गया। इस दौरान बाजार में खरीदारी करने आए लोगों, दुकानदारों और राहगीरों को तेज गर्मी से कुछ राहत मिली। गौरतलब है कि इन दिनों हनुमानगढ़ में तापमान लगातार बढ़ रहा है, जिससे जनजीवन प्रभावित हो रहा है। विशेषकर दोपहर के समय बाजारों में गर्म हवाओं और तपती सड़कों के कारण लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इसी को ध्यान में रखते हुए नगर परिषद ने दमकल विभाग को सक्रिय कर मुख्य बाजारों में पानी का छिड़काव करवाया। इस मौके पर दमकल सहप्रभारी राजेश पारीक ने बताया कि गर्मी और लू से बचाव के लिए यह कदम उठाया गया है। उन्होंने कहा कि दमकल वाहन के माध्यम से बाजार की सड़कों पर पानी का छिड़काव किया गया, ताकि वातावरण में ठंडक बनी रहे और आमजन को राहत मिल सके। उन्होंने यह भी बताया कि आने वाले दिनों में यदि गर्मी का प्रकोप इसी तरह बना रहता है, तो नगर परिषद के निर्देशानुसार अन्य भीड़भाड़ वाले इलाकों में भी पानी का छिड़काव किया जाएगा।
बाजार के दुकानदारों और स्थानीय नागरिकों ने नगर परिषद की इस पहल की सराहना की। उनका कहना है कि पानी के छिड़काव से सड़क की गर्मी कम हुई और कुछ समय के लिए राहत महसूस हुई। नगर परिषद द्वारा की गई यह व्यवस्था भीषण गर्मी के मौसम में आमजन के हित में एक सकारात्मक कदम मानी जा रही है।
