
हनुमानगढ़| जंक्शन स्थितराजकीय जिला पुस्तकालय में समाज सुधारक राजा राममोहन राय की जयंती के उपलक्ष्य में पुस्तकालय दिवस का आयोजन उत्साहपूर्वक किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों और आमजन में पठन-पाठन के प्रति रुचि विकसित करना, ज्ञानवर्धन करना तथा समाज में पुस्तकालयों के महत्व के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा। आयोजन में बड़ी संख्या में बच्चों, युवाओं और पुस्तक प्रेमियों ने भाग लिया।
कार्यक्रम के दौरान पुस्तकालय परिसर में विभिन्न ज्ञानवर्धक गतिविधियां, प्रतियोगिताएं और संवादात्मक सत्र आयोजित किए गए। स्थानीय बच्चों और युवाओं ने पूरे उत्साह और ऊर्जा के साथ सहभागिता निभाई। बच्चों ने चित्रकला, सामान्य ज्ञान, पठन-पाठन एवं रचनात्मक गतिविधियों में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर सभी का मन मोह लिया। प्रतियोगिताओं में भाग लेने वाले प्रतिभागियों को प्रोत्साहित भी किया गया। इस अवसर पर उपस्थित वक्ताओं ने राजा राममोहन राय के जीवन, समाज सुधार के क्षेत्र में उनके योगदान तथा शिक्षा के प्रसार के लिए किए गए कार्यों पर विस्तार से प्रकाश डाला। वक्ताओं ने कहा कि पुस्तकालय केवल किताबों का संग्रह नहीं, बल्कि समाज को जागरूक और शिक्षित बनाने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं।
उन्होंने विद्यार्थियों से नियमित रूप से पुस्तकालय आने और अध्ययन की आदत विकसित करने का आह्वान किया। कार्यक्रम को सफल बनाने में पुस्तकालय स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही। आयोजन के सुव्यवस्थित संचालन एवं प्रबंधन में पुस्तकालय अध्यक्ष अंकिता यादव, परामर्शदाता प्रमिला, कनिष्ठ सहायक बृजभूषण कौशिक तथा सहायक कर्मचारी इम्तियाज का विशेष योगदान रहा। पुस्तकालय प्रशासन ने बताया कि भविष्य में भी विद्यार्थियों और आमजन को पुस्तकालयों से जोड़ने तथा अध्ययन संस्कृति को बढ़ावा देने के उद्देश्य से इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रम नियमित रूप से आयोजित किए जाते रहेंगे।
