
हनुमानगढ़। फल एवं सब्जी मंडी आढ़ती यूनियन की महत्वपूर्ण बैठक शनिवार को जंक्शन स्थित सब्जी मंडी प्रांगण में आयोजित की गई। बैठक में यूनियन के सभी सदस्यों ने बड़ी संख्या में भाग लिया तथा संगठन की गतिविधियों, गत वर्ष के कार्यों एवं आगामी योजनाओं पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक का माहौल सौहार्दपूर्ण एवं उत्साहपूर्ण रहा। बैठक की शुरुआत यूनियन के सचिव ओमप्रकाश सैनी द्वारा गत वर्ष का आय-व्यय एवं संगठन का लेखा-जोखा सदन के समक्ष प्रस्तुत करने के साथ हुई। उन्होंने विस्तार से संगठन की वित्तीय स्थिति, मंडी से जुड़े कार्यों एवं यूनियन द्वारा किए गए प्रयासों की जानकारी दी। प्रस्तुत लेखा-जोखे पर सदस्यों ने संतोष व्यक्त करते हुए सर्वसम्मति से उसे पारित कर दिया। इसके बाद बैठक में नई कार्यकारिणी के गठन को लेकर चर्चा शुरू हुई। इस दौरान सचिव ओमप्रकाश सैनी ने अध्यक्ष पद के लिए रतिराम शाक्य का नाम प्रस्तावित किया। प्रस्ताव का उपस्थित सभी सदस्यों ने जोरदार समर्थन किया और सर्वसम्मति से रतिराम शाक्य को आगामी कार्यकारिणी का अध्यक्ष चुन लिया। रतिराम शाक्य पिछले करीब 20 वर्षों से यूनियन के अध्यक्ष पद पर कार्यरत हैं तथा उनके नेतृत्व में मंडी में संगठन को मजबूती मिली है। सदस्यों ने उनके अनुभव, कार्यशैली एवं संगठनात्मक क्षमता पर विश्वास जताते हुए उन्हें लगातार
21वीं बार अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी सौंपी।
अध्यक्ष चुने जाने के बाद रतिराम शाक्य ने सभी सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यूनियन के हितों की रक्षा, व्यापारियों की समस्याओं का समाधान एवं मंडी व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए वे पहले की तरह पूरी निष्ठा से कार्य करते रहेंगे। उन्होंने कहा कि संगठन की मजबूती ही सभी व्यापारियों की ताकत है और सभी को मिलकर एकजुटता बनाए रखनी चाहिए।
इसके बाद नई कार्यकारिणी के अन्य पदाधिकारियों की घोषणा की गई। सर्वसम्मति से गुरपाल सिंह एवं सतपाल छाबड़ा को उपाध्यक्ष, मनिंदर सिंह मिक्का को सचिव, देवेंद्र शाक्य को सहसचिव, केशव नानकानी को कोषाध्यक्ष तथा राकेश सैनी को प्रचार मंत्री नियुक्त किया गया। वहीं संरक्षक मंडल में शीतल नानकानी, ओमप्रकाश सैनी, संदीप कुक्कड़, बलजीत सिंह सिद्धू, महेश कुमार सैनी एवं हरीश गुलाटी को शामिल किया गया।
नई कार्यकारिणी के गठन के बाद उपस्थित सदस्यों ने नवनियुक्त पदाधिकारियों का फूल-मालाएं पहनाकर स्वागत एवं अभिनंदन किया। बैठक के दौरान संगठन की एकजुटता और उत्साह देखने को मिला। इस अवसर पर जगदीश सैनी, संजय काकू, अमित शाक्य, महादेव नानकानी, गौरव शाक्य, रिंकू छाबड़ा, लाल सिंह, राजकुमार नानकानी, राजेश शाक्य, योगेश शाक्य, विक्की बतरा, मनोज शाक्य सहित अनेक सदस्य उपस्थित रहे।
