
हनुमानगढ़। जिला कांग्रेस कमेटी ओबीसी विभाग की बैठक शनिवार को जिला कांग्रेस कमेटी कार्यालय, हनुमानगढ़ जंक्शन में नवनियुक्त जिलाध्यक्ष मनमोहन सोनी की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में संगठन विस्तार, कार्यकर्ताओं की सक्रियता तथा कांग्रेस पार्टी को बूथ स्तर तक मजबूत करने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक के मुख्य अतिथि प्रदेश कॉर्डिनेटर गुरदीप चहल, राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी ओबीसी विभाग के महासचिव एवं जिला प्रभारी रविन्द्र बेनीवाल, सहप्रभारी डॉ. महेन्द्र ढूंढाड़ा, पीसीसी सदस्य भुपेन्द्र चौधरी, तथा सचिव डॉ. महेन्द्र सांगवाल विशेष रूप से मौजूद रहे।
बैठक के दौरान नवनियुक्त जिला कमेटी पदाधिकारियों का माला पहनाकर एवं नियुक्ति पत्र सौंपकर स्वागत किया गया। इस अवसर पर कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल देखने को मिला। वक्ताओं ने संगठन को गांव-गांव तक मजबूत करने तथा आगामी चुनावों के मद्देनजर अभी से सक्रिय होकर कार्य करने का आह्वान किया।
बैठक को संबोधित करते हुए प्रदेश कॉर्डिनेटर गुरदीप चहल ने कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा सामाजिक न्याय, भाईचारे और आमजन के हितों की राजनीति करती आई है। ओबीसी वर्ग कांग्रेस की रीढ़ है और संगठन को मजबूत बनाने में उसकी महत्वपूर्ण भूमिका रही है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से जनता के बीच जाकर पार्टी की नीतियों और पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को पहुंचाने का आह्वान किया।
राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी ओबीसी विभाग के महासचिव एवं जिला प्रभारी रविन्द्र बेनीवाल ने कहा कि लगातार दूसरी बार मनमोहन सोनी का जिलाध्यक्ष बनना यह दर्शाता है कि वह पार्टी के प्रति कितने समर्पित, वफादार और सक्रिय कार्यकर्ता हैं। उन्होंने कहा कि सोनी ने सभी को साथ लेकर संगठन को मजबूती देने का कार्य किया है।
पीसीसी सदस्य भुपेन्द्र चौधरी ने वर्तमान राजनीतिक परिस्थितियों पर निशाना साधते हुए कहा कि प्रदेश और देश में किसान, मजदूर और आमजन विरोधी नीतियां लागू की जा रही हैं। महंगाई लगातार बढ़ रही है, जिससे आम आदमी परेशान है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस शासनकाल में पेट्रोल 45 रुपये लीटर और गैस सिलेंडर 397 रुपये में उपलब्ध होता था, जबकि आज आमजन महंगाई की मार झेल रहा है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कांग्रेस को फिर से मजबूत कर सत्ता में लाने के लिए एकजुट होकर काम करने का आह्वान किया।
जिलाध्यक्ष मनमोहन सोनी ने सभी वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पार्टी ने उन पर जो विश्वास जताया है, उस पर वह पूरी निष्ठा और मेहनत के साथ खरा उतरने का प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि ओबीसी विभाग के प्रत्येक कार्यकर्ता को संगठन की ताकत बनाकर बूथ स्तर तक पार्टी को मजबूत किया जाएगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आपसी समन्वय और एकजुटता बनाए रखते हुए कांग्रेस की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।
बैठक में अरविन्द पूनियां, मोहनलाल इंदलिया, गुरलाल मान, जयपाल गिरी, आमिर खान, राजकुमार खुडिया, कृष्ण बैनीवाल, विनोद गुरूसर, रामचन्द्र चौधरी, पवन सिंहमार, रणवीर सोनी, कंवर सैन, यश चिलाना, ओमप्रकाश सोनी, आशीष बिश्नोई, रायसाहब सिगड़, अमित सहू, अनिल सुथार, हरदत्त दहिया, संदीप धालीवाल, भागीरथ स्वामी, बूटा जबंधा, खुशमहक सिंह, रिछपाल सिंह मान, जयप्रकाश भोभरिया, श्योकरण भोभरिया, अंनतराम ढूढाड़ा, विनोद सोनी, राजपाल ढूढाडा, ओमप्रकाश सैनी, विकास सैनी, कृष्ण स्वामी, विक्रम सिंह, औकार सिंह, सुभाष घोटिया, राहुल झाझडिया, बलराम वर्मा, योगेश, ब्लॉक अध्यक्ष भंवर खान बबलू ,सोनू जांदू, गुरलाल रमाणा, गुरमीत सिंह, बबलू खान, मान सिंह सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता एवं ओबीसी विभाग के पदाधिकारी मौजूद रहे। अंत में संगठन की मजबूती और आगामी रणनीति को लेकर विचार-विमर्श किया गया।
