
श्रीगंगानगर : महावीर इंटरनेशनल श्रीगंगानगर गौरवी वीरा केंद्र द्वारा भीषण गर्मी तथा 25 मई, सोमवार से नौतपा के प्रकोप को देखते हुए ‘जल ही जीवन’ प्रकल्प के तहत प्याऊ का लोकार्पण किया गया। अध्यक्ष वीरा मनोरमा बैद के नेतृत्व में रविवार को केंद्रीय बस स्टैण्ड परिसर में यात्रियों तथा राहगीरों के लिए सुलभ शीतल जल की व्यवस्था करने के उद्देश्य से स्थापित प्याऊ का उद्घाटन समाजसेवी विजय कुमार गोयल द्वारा किया गया। सर्वप्रथम अतिथियों तथा पदाधिकारियों व सदस्यों द्वारा विधि-विधानपूर्वक पूजा-अर्चना की गई तथा सबको प्रसाद का वितरण किया गया। सचिव वीरा शर्मिला कोचर ने बताया कि वीरा राशि-संजीव लोहिया के सौजन्य से संचालित इस प्रकल्प के तहत प्रतिदिन पानी के भरे हुए 20-20 लीटर के कैम्पर रखे जाएंगे, ताकि लोगों को स्वच्छ व शीतल जल पीकर भीषण गर्मी से राहत मिल सके। वीरा अनिता जैन ने बताया कि महावीर इंटरनेशनल द्वारा प्रत्येक वर्ष गर्मी के मौसम में सब्जी मंडी में वीर संजीव लोहिया के विशेष सहयोग से प्याऊ का संचालन किया जाता है, जिससे बड़ी संख्या में लोग लाभान्वित होते हैं। बस स्टैण्ड में आए यात्रियों, उनके परिजनों व वहां काम करने वाले श्रमिकों ने इस प्रकल्प की मुक्तकंठ से सराहना करते हुए जल सेवा को पुनीत सेवा कार्य बताया। इस अवसर पर समाजसेवी विजय कुमार गोयल, चेयरमैन वीरा मनोरमा बैद, सचिव वीरा शर्मिला कोचर, वीरा अनिता जैन, वीरा राशि लोहिया, महावीर इंटरनेशनल चेयरमैन वीर कमलकांत कोचर, वीर संजीव लोहिया, वीर पवन गोयल, मैनेजर विष्णु भगवान, लीलाशंकर सारस्वत सहित महावीर इंटरनेशनल श्रीगंगानगर गौरवी वीरा केंद्र पदाधिकारी, सदस्य एवं गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।
