
हनुमानगढ़। भीषण गर्मी और नोतपा के प्रकोप के बीच आमजन को राहत पहुंचाने के उद्देश्य से भटनेर किंग्स क्लब हनुमानगढ़ द्वारा हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी जंक्शन स्थित भगत सिंह चौक पर नियमित जल सेवा अभियान का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ क्लब सदस्यों एवं गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति में किया गया। जल सेवा केंद्र पर राहगीरों, वाहन चालकों एवं आमजन को ठंडा एवं स्वच्छ पेयजल उपलब्ध करवाया जा रहा है।
भटनेर किंग्स क्लब के संरक्षक आशीष विजय ने बताया कि बढ़ती गर्मी और नोतपा के दौरान लोगों को सबसे अधिक परेशानी पेयजल की होती है। ऐसे में क्लब द्वारा पिछले तीन वर्षों से लगातार शहर के हृदय स्थल भगत सिंह चौक पर जल सेवा संचालित की जा रही है। उन्होंने कहा कि सेवा कार्य ही सबसे बड़ा धर्म है और क्लब का उद्देश्य जरूरतमंद लोगों को गर्मी में राहत पहुंचाना है। उन्होंने बताया कि क्लब के सदस्य प्रतिदिन निर्धारित समय पर यहां उपस्थित रहकर राहगीरों को शीतल जल पिलाने का कार्य करेंगे।
क्लब अध्यक्ष कुलभूषण जिंदल ने बताया कि भटनेर किंग्स क्लब सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यों में लगातार सक्रिय रहता है। गर्मी के मौसम में जल सेवा अभियान क्लब की एक नियमित सेवा गतिविधि बन चुका है। उन्होंने कहा कि इस बार भी पूरे गर्मी सीजन में भगत सिंह चौक पर नियमित रूप से जल सेवा जारी रहेगी ताकि किसी भी राहगीर को प्यासा न रहना पड़े। उन्होंने कहा कि भीषण गर्मी में शीतल जल पिलाना पुण्य का कार्य है और क्लब के सभी सदस्य पूरे समर्पण के साथ इस सेवा में जुटे हुए हैं।
उन्होंने बताया कि जल सेवा केंद्र पर स्वच्छता और शुद्ध पेयजल का विशेष ध्यान रखा जा रहा है। राहगीरों को ठंडा पानी उपलब्ध करवाने के लिए पर्याप्त व्यवस्था की गई है। इस अवसर पर क्लब सदस्यों ने आमजन से भी गर्मी के मौसम में जरूरतमंदों की सहायता करने एवं पक्षियों के लिए पानी की व्यवस्था करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान सतनाम सिंह, राकेश मल्होत्रा, विनोद चोटिया, अजय असीजा, कपिल गोयल, सतविंदर सिंह, हरि चारण, विशाल मुदगिल, मनीष अरोड़ा, डॉ दीपक खुराना, अजय शर्मा, गौरव बेनीवाल, हरीश दफ्तरी, सुरेंदर फुटेला, मितेश स्वामी, रिषभ शर्मा, लवली शर्मा, चंद्र शेखर, सोनू गजरा, मनसुख, प्रताप सिंह सहित बड़ी संख्या में क्लब सदस्य मौजूद रहे और सभी ने सेवा कार्य में बढ़-चढ़कर भागीदारी निभाई। राहगीरों ने भी भटनेर किंग्स क्लब की इस पहल की सराहना करते हुए इसे जनहित का सराहनीय कार्य बताया।
