
कांग्रेस ने जिला कलक्ट्रेट पर प्रदर्शन कर राष्ट्रपति के नाम सौंपा ज्ञापन, गेहूं खरीद अवधि बढ़ाने सहित कई मांगें उठाईं
हनुमानगढ़ (भटनेर एक्सप्रेस)। किसानों की गेहूं की सरकारी खरीद नहीं होने, बारदाने की कमी तथा डीजल-पेट्रोल की बढ़ती कीमतों के विरोध में मंगलवार को जिला कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जिला कलक्ट्रेट के समक्ष प्रदर्शन किया और प्रधानमंत्री का पुतला दहन किया। इसके बाद राष्ट्रपति के नाम जिला कलक्टर को ज्ञापन सौंपकर किसानों और आमजन से जुड़े मुद्दों पर कार्रवाई की मांग की गई। इससे पहले श्रीगंगानगर लोकसभा सांसद कुलदीप इंदौरा के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने डीसीसी कार्यालय से जिला कलक्ट्रेट तक रोष मार्च निकाला और पुतला दहन किया। इस मौके पर सांसद कुलदीप इंदौरा ने कहा कि जिले में गेहूं की बंपर पैदावार होने के बावजूद किसान अपनी उपज बेचने के लिए परेशान हैं। उन्होंने कहा कि हनुमानगढ़ को धान का कटोरा कहा जाता है, लेकिन वर्तमान में करीब 50 प्रतिशत गेहूं किसानों के घरों में पड़ी है और खरीद नहीं हो रही, जबकि किसानों का पंजीकरण पहले ही हो चुका है। जिन किसानों की गेहूं की खरीद हो चुकी है, उनके लिए भी खरीद एजेंसियों के पास बारदाना उपलब्ध नहीं है, जिससे किसान गंभीर संकट का सामना कर रहे हैं। सांसद इंदौरा ने केन्द्र सरकार की नीतियों पर निशाना साधते हुए कहा कि लगातार महंगाई बढ़ रही है और एक माह में पेट्रोल-डीजल के दाम चार बार बढ़ चुके हैं। आने वाले समय में किसानों को डीजल, पेट्रोल, यूरिया और डीएपी जैसी आवश्यक वस्तुओं की कमी का सामना करना पड़ सकता है। उन्होंने नहरों में पानी की संभावित कमी का मुद्दा भी उठाया और कहा कि पिछले वर्ष भी तय हिस्से के अनुसार पानी नहीं मिला था तथा इस बार भी ऐसे हालात बनते दिखाई दे रहे हैं। सांसद ने सरकार से सभी परिस्थितियों को लेकर स्पष्ट जानकारी देने तथा विपक्षी दलों और सामाजिक संगठनों से चर्चा करने की मांग की। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि किसानों और आमजन के हित में निर्णय नहीं लिए गए तो कांग्रेस आंदोलन करेगी। ज्ञापन के माध्यम से डीजल-पेट्रोल के दाम कम करने, गेहूं की सरकारी खरीद की अंतिम तिथि 31 मई से बढ़ाकर 30 जून करने, पर्याप्त बारदाना उपलब्ध करवाने, बिजली-पानी व्यवस्था सुचारू करने तथा जंक्शन बाइपास क्षेत्र में खुले में छोड़े जा रहे सीवरेज पानी के उचित निस्तारण की मांग की गई। इस मौके पर करणी सिंह राठौड़, जयदेव भिड़ासरा, रामेश्वर चांवरिया, गुरदीप चहल, इस्माईल खान, जयराम ढुकिया, मांगीलाल स्वामी, लोकेन्द्र भाटी, सुखपाल सिंह, बलवीर सिद्धू, आरिफ खान, मनमोहन सोनी, वारिस अली, मोहनलाल इंदलिया, गुरलाल मान, जयपाल गिरी, रामचंद्र चौधरी, गुरप्रीत मान, आमिर खान, शाहरूख, विनोद, खुशी अमलानी, यश चिलाना, रोहित स्वामी, आरिफ खान, अनूप चौधरी, साजिद हुसैन, विकास सैनी, नौशाद शाह, बबलू खान, सुरेन्द्र खटीक, सुनील सहारण, अमित गोदारा, प्रशांत गोदारा, संदीप सैनी, जयवंत कस्वां, राजेश कस्वां, हरदत्त रणवां, रामेश्वर दास स्वामी, कृष्ण जैन मौजूद रहे।
