
हनुमानगढ़ । मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा शुक्रवार को हनुमानगढ आएंगे। वे देर शाम हनुमानगढ़ टाउन में रोड शो में शिरकत करेंगे। श्रीगंगानगर संसदीय क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी प्रियंका बेलान के समर्थन में होने वाले रोड शो में भाग लेने मुख्यमंत्री विशेष तौर पर हनुमानगढ़ आ रहे हैं। जिलाध्यक्ष देवेंद्र पारीक ने बताया कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा देर शाम टाउन स्थित वाल्मीकि चौक से धान मंडी तक रोड शो में भाग लेंगे। बताया जा रहा है कि इसके बाद मुख्यमंत्री रात्रि विश्राम हनुमानगढ़ में करेंगे और शनिवार सुबह गंतव्य के लिए रवाना होंगे। इससे पहले गुरुवार को मुख्यमंत्री प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जनसभा के बाद सूरतगढ़ के लिए रवाना होंगे। वे सूरतगढ़ में शाम 6 बजे जनसभा को संबोधित करेंगे। इसके बाद वे कार से हनुमानगढ़ के लिए प्रस्थान करेंगे। जिलाध्यक्ष देवेंद्र पारीक ने बताया कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के हनुमानगढ़ आगमन को लेकर कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह है। सीएम के कार्यक्रम को लेकर कार्यकर्ताओं की बैठक हो चुकी है। उनकी जिम्मेदारी तय कर दी गई हैं। पारीक ने सीएम के रोड शो को ऐतिहासिक बनाने का दावा किया है।
