
हनुमानगढ़ । हनुमानगढ़ में दात्री संगठन की ओर से बुधवार को ब्लड स्टेम सेल डोनेट करने वाले 13 दानदाताओं को सम्मानित किया गया। इन दानदाताओं ने नि:स्वार्थ भाव से रक्त कैंसर और रक्त विकारों से जूझ रहे रोगियों को अपनी ब्लड स्टेम सेल दान की थी। इस अवसर पर दात्री ने ग्राम सरपंच और ब्लड बैंकों के स्वयंसेवकों के अमूल्य योगदान की भी सराहना की। जिन्होंने जीवन बचाने के दात्री के उद्देश्य में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए दात्री में उत्तर भारत की क्षेत्रीय प्रमुख बिंदिया साहनी ने जीवन बचाने के उद्देश्य में उनके अटूट समर्थन के लिए अनगिनत लोगों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने जोर देकर कहा कि घातक रक्त कैंसर और रक्त विकारों से पीड़ित कई लोगों के लिए, ब्लड स्टेम सेल प्रत्यारोपण ही उनकी एकमात्र आशा है। दात्री में, हमारा उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि प्रत्येक मरीज को एक ब्लड स्टेम सेल दाता मिले।
उन्होंने बताया कि अपनी स्थापना के बाद से, दात्री ने राजस्थान राज्य से ब्लड स्टेम सेल दाताओं के रूप में लगभग 13261 पंजीकरण किए हैं, जिनमें से 20 दाताओं ने अपने ब्लड स्टेम सेल दान किए हैं। इससे संभावित रूप से रक्त कैंसर और विकारों से पीड़ित रोगियों का इलाज हुआ है।
उन्होंने कहा कि इस कार्यक्रम का उद्देश्य अधिक से अधिक व्यक्तियों को आगे बढ़ने और ब्लड स्टेम सेल करने के लिए प्रोत्साहित करना है। जिससे रक्त कैंसर और विकारों से जूझ रहे लोगों के जीवन में बदलाव आ सके। उन्होंने अधिक से अधिक व्यक्तियों से आगे आने, दाताओं के रूप में पंजीकरण कराने और जीवन बचाने के उनके उद्देश्य में शामिल होने का आग्रह किया।
