
डीटीओ परिसर में चला सफाई अभियान
हनुमानगढ़। बढ़ती गर्मी और तेज तापमान के बीच पक्षियों को राहत पहुंचाने के उद्देश्य से हनुमानगढ़ यातायात जन सलाहकार सेवा समिति की ओर से बुधवार को जंक्शन स्थित डीटीओ कार्यालय परिसर में परिंडे लगाए गए। समिति सदस्यों ने पक्षियों के लिए पानी की व्यवस्था कर सामाजिक सरोकार का संदेश दिया। समिति अध्यक्ष सुशील कुकरेजा ने बताया कि गर्मी के मौसम में पक्षियों को पानी के लिए काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है। इसी को ध्यान में रखते हुए समिति की ओर से डीटीओ कार्यालय परिसर और आसपास करीब 50 परिंडे लगाए गए हैं, ताकि पक्षियों को पेयजल उपलब्ध हो सके। उन्होंने बताया कि परिंडों में नियमित रूप से पानी भरने की जिम्मेदारी भी समिति सदस्यों की ओर से निभाई जाएगी, जिससे पूरे गर्मी के मौसम में पक्षियों को राहत मिलती रहे। इस दौरान डीटीओ कार्यालय परिसर, सार्वजनिक पार्क और आसपास की सडक़ों पर साफ-सफाई अभियान भी चलाया गया। समिति के अनुसार विधायक गणेश राज बंसल के सहयोग से नगर परिषद की ओर से सफाई व्यवस्था करवाई गई, जिससे क्षेत्र का वातावरण स्वच्छ और सुंदर नजर आया। समिति सदस्यों ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण और जीव-जंतुओं की सेवा समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने आमजन से अपील की कि गर्मी के मौसम में अपने घरों, दुकानों और कार्यालयों के बाहर परिंडे लगाकर पक्षियों के लिए पानी की व्यवस्था करें। कार्यक्रम के दौरान समिति के कई सदस्य मौजूद रहे और सभी ने परिंडे लगाने तथा सफाई अभियान में सहयोग किया।
