
दूसरे दिन होगा भंडारा व बालाजी का जागरण
हनुमानगढ़। जंक्शन के सेक्टर नम्बर 12 स्थित श्री संकट मोचन बालाजी धाम मंदिर का वार्षिक महोत्सव बुधवार को रामायण पाठ के शुभारंभ के साथ शुरू हो गया। दो दिवसीय स्थापना दिवस महोत्सव समिति अध्यक्ष सुमित रणवां के निर्देशन में आयोजित किया जा रहा है। समिति महासचिव भारत भूषण कौशिक ने बताया कि बुधवार सुबह रामायण पाठ का शुभारंभ अमन गुप्ता पुत्र केके गुप्ता ने अपने परिवार सहित पूजा-अर्चना कर किया। वैदिक मंत्रोच्चार और धार्मिक विधि-विधान के साथ रामायण पाठ प्रारंभ हुआ। उन्होंने बताया कि शुक्ल पक्ष की एकादशी के मौके पर विशेष धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। शाम को श्याम प्रभु की भजन संध्या होगी, जिसमें भक्त भजनों के माध्यम से प्रभु का गुणगान करेंगे। उन्होंने बताया कि दूसरे दिन 28 मई को सुबह रामायण पाठ का भोग लगाया जाएगा। इसके बाद सामूहिक हवन और बालाजी महाराज का भंडारा आयोजित होगा। भंडारे की व्यवस्था पंडित हीरालाल शर्मा एवं माता सरती देवी चैरिटेबल ट्रस्ट की ओर से की जाएगी। महोत्सव के अंतर्गत 28 मई को रात 9.15 बजे से बालाजी महाराज का जागरण होगा। जागरण में लुधियाना से भजन प्रवाहक गोविंद सोलंकी और चेतन लाडला तथा हनुमानगढ़ के देव चुघ भजनों की प्रस्तुति देंगे। कार्यक्रम का विशेष आकर्षण ठाकुरदास राजकुमार सोनी, जंक्शन की ओर से ड्रॉ के माध्यम से 11 भाग्यशाली श्रद्धालुओं को चांदी के हनुमानजी आशीर्वाद स्वरूप भेंट करना रहेगा। महोत्सव को सफल बनाने में शेरपाल सिंह, हीरालाल शर्मा, पवन अग्रवाल, बनवारी, संदीप बिंदल, वीरेंद्र शर्मा, नरेश शर्मा, गुरुचरण धूडिय़ा, नरेश शर्मा, पुरुषोत्तम सोनी, राजेंद्र बत्रा, मलकीत सिंह, इंद्र मोहन कटारिया, नीरज कुमार, गुरुसेवक सिंह, अशोक पारीक, विकास शर्मा, मनोज शर्मा, ललित शर्मा, हरि प्रकाश शर्मा, महावीर शर्मा, यूवी शर्मा, गौरव शर्मा सहित अनेक सेवादार सहयोग कर रहे हैं।
