एसपी ने तुरंत कार्रवाई के आदेश देकर आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी के दिए निर्देश

हनुमानगढ़। डॉ. अम्बेडकर अनुसूचित जाति अधिकारी कर्मचारी एसोसिएशन (अजाक) जिला शाखा हनुमानगढ़ ने तहसील भादरा अध्यक्ष रामस्वरूप पातलान पर हुए जानलेवा हमले के मामले में जिला पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपकर दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है। मामले को गंभीरता से लेते हुए जिला पुलिस अधीक्षक ने संबंधित अधिकारियों को तुरंत प्रभाव से कार्रवाई करने के निर्देश जारी किए हैं।ज्ञापन में जिलाध्यक्ष सुमेर सिंह ने बताया गया कि 20 मई 2026 की रात करीब 10 बजे गांव अमरपुरा निवासी एवं अजाक तहसील अध्यक्ष रामस्वरूप पातलान भोजन के बाद अपने घर के सामने सागड़ा सड़क मोड़ पर टहल रहे थे। इसी दौरान पीछे से आए एक अज्ञात व्यक्ति ने उनके सिर पर लाठी से हमला कर दिया, जिससे उनके सिर में गंभीर चोट आई और खून बहने लगा। घटना के दौरान सामने से किसी व्यक्ति के आते देख आरोपी मौके से फरार हो गया। बाद में स्थानीय लोगों ने परिजनों को सूचना देकर घायल पातलान को घर पहुंचाया। अगले दिन भीरानी थाने में घटना की रिपोर्ट दर्ज करवाई गई।अजाक पदाधिकारियों ने आरोप लगाया कि घटना को करीब दस दिन बीत जाने के बावजूद पुलिस जांच में कोई विशेष प्रगति नहीं हुई है। संगठन का कहना है कि स्थानीय पुलिस केवल आपसी रंजिश के एंगल से जांच कर रही है, जबकि मामले की हर पहलू से गंभीरता से जांच होनी चाहिए।ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि कुछ माह पूर्व रामस्वरूप पातलान ने अपने मोहल्ले में सड़क किनारे “डॉ. अम्बेडकर नगर” का बोर्ड लगवाया था। संगठन ने आशंका जताई कि किसी मनुवादी सोच रखने वाले व्यक्ति द्वारा इस घटना को अंजाम दिया गया हो सकता है। साथ ही लूटपाट की मंशा से भी हमले की संभावना से इंकार नहीं किया जा सकता।अजाक जिला शाखा ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि मामले की उच्च स्तरीय जांच कर दोषियों को शीघ्र गिरफ्तार कर उनके खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए। जिला पुलिस अधीक्षक ने मामले को गंभीर मानते हुए भिरानी थाना अधिकारी त्वरित कार्रवाई कर जांच में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। इस मौके पर अजाक हनुमानगढ़ के सर्व मान्य डॉ ओपी मोशलपुरिया, हरिसिंह, रामप्रताप भरनावा, रणजीत सिंह सर्वा, दीपक बारोटिया, गुर्जन्ट सिंह भट्टी, नथुराम रामधन, प्रेमराम महेरड़ा ,मोहनलाल जीनागल, शिशराम सीला, मदन गोंड, एडवोकेट दलीप बसेर, सुनील मेघवाल व मान्या संतोष पुनिया एडवोकेट आदि उपस्थित रहे
