जल संचय तथा स्वास्थ्य के प्रति किया जागरूक
श्रीगंगानगर ! युवा मामले एवं खेल विभाग तथा जिला प्रशासन श्रीगंगानगर के संयुक्त तत्वावधान में रविवार को निकाली गई ‘वंदे गंगा साइकिल रैली’ में पर्यावरण तथा जल संरक्षण का प्रभावी संदेश दिया गया। आमजन को जल बचाने तथा स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से आयोजित रैली को भाजपा जिला उपाध्यक्ष आशुतोष गुप्ता, जिला महामंत्री प्रदीप धेरड़, वंदे गंगा जल संरक्षण अभियान के जिला संयोजक शिव तेरहपुरिया तथा जिला पुलिस अधीक्षक हरी शंकर ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। भाजपा जिला उपाध्यक्ष आशुतोष गुप्ता ने बताया कि इस मुहिम के माध्यम से समाज में जल संचय तथा स्वास्थ्य के प्रति एक सकारात्मक चेतना जगाने का सार्थक प्रयास किया गया। वंदे गंगा जल संरक्षण अभियान के तहत आयोजित इस रैली के माध्यम से जिला प्रशासन, खेल विभाग तथा भारतीय जनता पार्टी पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने जन-जन को जल संचय करने, नदियों को अविरल व स्वच्छ रखने तथा नियमित साइकिल चलाकर सेहतमंद रहने का एक मजबूत सामाजिक संदेश दिया। भाजपा जिला उपाध्यक्ष आशुतोष गुप्ता ने बताया कि ‘वंदे गंगा साइकिल रैली’ के समापन पर सभी प्रतिभागियों, युवाओं व नागरिकों को राष्ट्र हित में जल संरक्षण करने तथा पानी की बर्बादी रोकने का संकल्प भी दिलाया गया। इस अवसर पर भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता व शहरवासी उपस्थित थे।

