
राज्यपाल, मुख्यमंत्री व पुलिस महानिदेशक के नाम ज्ञापन देकर कार्रवाई की मांग
हनुमानगढ़। सेवा निवृत्त पुलिस कल्याण संस्थान जिला शाखा हनुमानगढ़ के सदस्यों ने रविवार को चित्तौड़गढ़ जिले के डूंगला थाना प्रभारी एवं पुलिस कर्मचारियों के साथ मंत्री गौतम दक द्वारा कथित रूप से किए गए दुर्व्यवहार और गाली-गलौज की घटना पर गहरा रोष व्यक्त किया। संस्थान के बैनर तले बड़ी संख्या में एकत्रित सदस्यों ने राज्यपाल, मुख्यमंत्री एवं पुलिस महानिदेशक राजस्थान के नाम ज्ञापन सौंपते हुए मंत्री के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग कीसंस्थान के जिलाध्यक्ष एवं सेवानिवृत्त अपर पुलिस अधीक्षक आनंद प्रकाश स्वामी तथा संरक्षक एवं सेवानिवृत्त अपर पुलिस अधीक्षक जोगेंद्र सिंह के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने जिला कलेक्टर हनुमानगढ़ को राज्यपाल और मुख्यमंत्री के नाम अलग-अलग ज्ञापन सौंपे। वहीं पुलिस अधीक्षक हनुमानगढ़ को पुलिस महानिदेशक राजस्थान के नाम ज्ञापन दिया गया।
ज्ञापन में कहा गया कि मंत्री गौतम दक द्वारा थाना डूंगला के थानाधिकारी एवं पुलिसकर्मियों के साथ कथित रूप से अशोभनीय व्यवहार किया गया, जो न केवल पुलिस विभाग का अपमान है बल्कि कानून व्यवस्था एवं प्रशासनिक गरिमा के भी विपरीत है। संस्थान के सदस्यों ने घटना की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग उठाई।इस दौरान संस्थान के सदस्यों ने मंत्री गौतम दक के खिलाफ नारेबाजी भी की। जिलाध्यक्ष आनंद प्रकाश स्वामी ने कहा कि मंत्री पद पर रहते हुए किसी जनप्रतिनिधि द्वारा पुलिस अधिकारियों के साथ अभद्र व्यवहार करना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने राज्य सरकार से मंत्री गौतम दक को मंत्रिमंडल से तत्काल अपदस्थ करने की मांग की।संरक्षक जोगेंद्र सिंह ने कहा कि मंत्री के खिलाफ दर्ज मुकदमे में निष्पक्ष एवं त्वरित अनुसंधान किया जाए तथा कठोर कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाए। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि मामले में प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई तो प्रदेशभर में सेवानिवृत्त पुलिसकर्मियों द्वारा आंदोलन किया जाएगा।
कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में संस्थान के सदस्य उपस्थित रहे। इनमें नानक सिंह, अतर सिंह, कांशीराम मुंड, हरदीप सिंह, कांशीराम कसवा, पृथ्वीराज बिश्नोई, सिसराम सीला, सुखदेव सिंह, हीरालाल पोटलिया, सुमेर सिंह, रामलाल स्वामी, गोरेलाल, इंद्रसिंह, महेंद्र सिंह, राजेंद्र डूडी, सोहनलाल झोरड़, इंद्रचंद शर्मा, जगदीश सिंह, सुभाष बिश्नोई सहित अन्य सदस्य शामिल रहे। संस्थान के सदस्यों ने एकजुट होकर पुलिस सम्मान और प्रशासनिक गरिमा बनाए रखने की मांग दोहराई।

