
टिब्बी थाने में दर्ज एफआईआर में कार्रवाई नहीं होने पर जताई नाराजगी, निष्पक्ष जांच की मांग
हनुमानगढ़। भवन एवं सन्निर्माण मजदूर संघ हनुमानगढ़, भारतीय मजदूर संघ के बैनर तले शुक्रवार को जिला पुलिस अधीक्षक हनुमानगढ़ को ज्ञापन सौंपकर टिब्बी थाना में दर्ज प्रकरण में आरोपियों की गिरफ्तारी एवं निष्पक्ष जांच की मांग की गई। ज्ञापन में पुलिस पर मामले में उदासीन रवैया अपनाने का आरोप लगाते हुए पीड़ित पक्ष को न्याय दिलाने की मांग उठाई गई।
भवन एवं सनिर्माण श्रमिक संघ के नेतृत्व में दिए गए ज्ञापन में बताया गया कि साहिल नामक युवक द्वारा 20 मई 2026 को पुलिस थाना टिब्बी में एफआईआर संख्या 230/2026 दर्ज करवाई गई थी। यह मामला भारतीय न्याय संहिता 2023 की विभिन्न धाराओं एवं एससी-एसटी एक्ट के तहत दर्ज किया गया है। ज्ञापन के अनुसार एफआईआर में अनमोल, दीपू तथा 3-4 अन्य लोगों को नामजद किया गया था, लेकिन मामला दर्ज होने के 10 दिन बाद भी पुलिस द्वारा आरोपियों के खिलाफ कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।ज्ञापन में कहा गया कि पीड़ित साहिल के कार्य में उपयोग आने वाले औजार, मशीनें और अन्य सामान अभी भी आरोपियों के कब्जे में हैं, जिन्हें पुलिस द्वारा बरामद नहीं कराया जा रहा है। इससे पीड़ित अपना रोजगार करने से वंचित हो गया है और उसे लगातार आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। संघ ने आरोप लगाया कि बार-बार निवेदन के बावजूद पुलिस इस दिशा में कार्रवाई नहीं कर रही है।मजदूर संघ ने यह भी आरोप लगाया कि आरोपी पक्ष द्वारा पीड़ित पर समझौते का दबाव बनाया जा रहा है तथा जान से मारने की धमकियां दी जा रही हैं। ज्ञापन में कहा गया कि आरोपी पक्ष के अनमोल कुमार गर्ग ने दबाव बनाने और मूल मामले में कार्रवाई से बचने के उद्देश्य से साहिल के खिलाफ झूठा मुकदमा दर्ज करवाया है। यह मामला एफआईआर संख्या 238/2026 तहत दर्ज किया गया है, जिसमें होटल का ताला तोड़ने और मारपीट के आरोप लगाए गए हैं।संघ पदाधिकारियों का कहना है कि आरोपी राजनीतिक और आर्थिक रूप से प्रभावशाली हैं, जिसके चलते पुलिस पीड़ित पक्ष पर दबाव बना रही है। वहीं दूसरी ओर मूल मामले में नामजद आरोपियों के खिलाफ कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की जा रही। ज्ञापन में अनुसंधान अधिकारी पर भी लापरवाही का आरोप लगाया गया और कहा गया कि कई बार संपर्क करने के बावजूद आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई।संघ ने जिला पुलिस अधीक्षक से मांग की कि एफआईआर संख्या 230/2026 में नामजद आरोपियों को शीघ्र गिरफ्तार किया जाए, पीड़ित के औजार और मशीनें बरामद करवाई जाएं तथा आरोपी पक्ष द्वारा दर्ज करवाए गए कथित झूठे मुकदमे की निष्पक्ष जांच करवाई जाए, ताकि पीड़ित को न्याय मिल सके।इस दौरान संघ के जिलाध्यक्ष अनिल यादव, सोफेंद्र कुमार, रणजीत कुमार, साहिल वाल्मीकि, सुभाष वर्मा, पूर्वा प्रजापति कुम्हार समाज हनुमानगढ़ के सदस्य, मोहनलाल ओडिया, जसवंत कंबिया, पूर्वा प्रजापति कुम्हार समाज के अध्यक्ष सोहनलाल हरकिया, मार्बल घिसाई यूनियन अध्यक्ष राधे गिरी, फर्नीचर यूनियन से कृष्ण , पीओपी यूनियन अध्यक्ष हेमंत सहित बड़ी संख्या में मजदूर संगठन के पदाधिकारी और सदस्य उपस्थित रहे।

