
गर्मी में राहगीरों, किसानों और मजदूरों को मिली राहत
हनुमानगढ़।(भटनेर एक्सप्रेस) टाउन की नई धान मंडी स्थित श्री लक्ष्मीनारायण मंदिर परिसर में सोमवार को श्री लक्ष्मीनारायण मंदिर महिला सत्संग मंडल सदस्यों की ओर से आम रस का भंडारा आयोजित किया गया। भीषण गर्मी और नौतपा के चलते आयोजित इस सेवा कार्य से क्षेत्र में आने-जाने वाले लोगों को बड़ी राहत मिली। कार्यक्रम के दौरान नई धान मंडी में पहुंचे किसानों, मजदूरों, व्यापारियों तथा राहगीरों ने ताजा आम रस पीकर गर्मी से राहत महसूस की। तेज धूप और उमस भरे मौसम में आम रस भंडारा लोगों के लिए किसी राहत केन्द्र से कम नहीं रहा। बड़ी संख्या में लोगों ने भंडारे में पहुंचकर आम रस ग्रहण किया और महिला मंडल की इस पहल की सराहना की। भंडारे की पूरी व्यवस्था सुव्यवस्थित रही। महिला सत्संग मंडल की सक्रिय सदस्य विमल करवा ने बताया कि इस वर्ष गर्मी का प्रकोप काफी अधिक है। इसी को देखते हुए मंडल की सभी महिला सदस्यों ने सामूहिक निर्णय लेकर आम रस भंडारे का आयोजन किया, ताकि अधिक से अधिक लोगों को शीतल पेय उपलब्ध कराया जा सके। इस मौके पर मंदिर महिला सत्संग मंडल ने श्री लक्ष्मीनारायण मंदिर समिति के अध्यक्ष पवन खदरिया व सचिव जितेंद्र कंदोई ने कहा कि समिति का पूर्ण सहयोग मंडल को हर समय मिलता रहता है। मंडल की महिलाओं ने कहा कि इस प्रकार के आयोजनों का उद्देश्य केवल धार्मिक परंपराओं का निर्वहन करना नहीं, बल्कि समाज में सेवा, सहयोग और मानवता की भावना को मजबूत करना भी है। लोगों ने महिला सत्संग मंडल के इस सामाजिक और धार्मिक सेवा कार्य की प्रशंसा करते हुए इसे गर्मी के मौसम में सराहनीय पहल बताया।
