
हनुमानगढ़।(भटनेर एक्सप्रेस) डॉ. अंबेडकर भवन, हनुमानगढ़ में आज भीम आर्मी भारत एकता मिशन (पंजीकृत सामाजिक संगठन) की प्रदेश स्तरीय समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ संगठन के संस्थापक एवं राष्ट्रीय अध्यक्ष एडवोकेट विजय कुमार आजाद ने महापुरुषों के छायाचित्रों पर पुष्प अर्पित कर किया।बैठक के दौरान राष्ट्रीय अध्यक्ष ने प्रदेश भर से आए पदाधिकारियों के कार्यों की समीक्षा की तथा संगठन को और अधिक मजबूत एवं सक्रिय बनाने के लिए प्रदेश कमेटी में बड़ा बदलाव करते हुए मदन लाल मेघवाल को राजस्थान प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी। उन्होंने कहा कि संगठन का किसी भी राजनीतिक दल से कोई संबंध नहीं है और यह संगठन सामाजिक, आर्थिक तथा सत्ता परिवर्तन की लड़ाई को मजबूती के साथ लड़ रहा है तथा आगे भी लड़ता रहेगा।एडवोकेट विजय कुमार आजाद ने स्पष्ट किया कि 7 जून 2019 को सहारनपुर में प्रेस वार्ता कर चंद्रशेखर आजाद, विनय रतन, कमल वालिया एवं मनजीत नौटियाल को संगठन से निष्कासित किया जा चुका है, इसलिए इन व्यक्तियों का संगठन से कोई संबंध नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ असामाजिक तत्व संगठन की छवि धूमिल करने के उद्देश्य से फर्जी पदाधिकारी बनकर समाज को गुमराह कर रहे हैं। ऐसे लोगों के विरुद्ध संगठन विधिक कार्रवाई करते हुए कड़ा कदम उठाएगा।बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि संगठन बिना किसी भेदभाव के समाज के कमजोर, शोषित और वंचित वर्गों के उत्थान के लिए कार्य करता रहेगा। राजस्थान में हो रहे अन्याय और अत्याचार के खिलाफ संघर्ष को तेज करने का भी संकल्प लिया गया।कार्यक्रम के दौरान संगठन की नीतियों से प्रभावित होकर सैकड़ों लोगों ने सदस्यता ग्रहण कर महापुरुषों के मिशन को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया। मदनलाल मेघवाल बने प्रदेश अध्यक्ष वहीं हनुमानगढ़ जिले में एडवोकेट सन्तोष पूनिया को जिला अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई। राष्ट्रीय अध्यक्ष ने उन्हें निर्देशित किया कि संगठन के नाम एवं लोगो का फर्जी तरीके से इस्तेमाल करने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध लिखित शिकायत देकर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित कराएं।बैठक में उपस्थित पदाधिकारियों ने संगठन को गांव-गांव तक मजबूत करने तथा सामाजिक न्याय की लड़ाई को तेज करने का संकल्प लिया।
