
– राष्ट्रीय युवक परिषद ने जिलाध्यक्ष प्रवीण जैन के नेतृत्व में किया अभिनंदन
हनुमानगढ़।(भटनेर एक्सप्रेस) शहर के प्रमुख संगठन राष्ट्रीय युवक परिषद की ओर से बुधवार को एनएबीएच मान्यता प्राप्त करने वाले चिकित्सक डॉ. प्रथम अरोड़ा का अभिनंदन समारोह आयोजित किया गया। परिषद के जिलाध्यक्ष प्रवीण जैन के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में युवाओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं गणमान्य नागरिकों ने भाग लिया।इस अवसर पर डॉ. प्रथम अरोड़ा का माला पहनाकर, साफा बांधकर एवं पुष्प वर्षा कर स्वागत किया गया। उपस्थित वक्ताओं ने कहा कि डॉ. अरोड़ा ने एनएबीएच जैसी प्रतिष्ठित मान्यता प्राप्त कर न केवल हनुमानगढ़ बल्कि पूरे संभाग का नाम रोशन किया है। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि क्षेत्र के चिकित्सा क्षेत्र के लिए प्रेरणादायक है और इससे छोटे शहरों में भी उच्च गुणवत्ता वाली स्वास्थ्य सेवाओं को बढ़ावा मिलेगा।जिलाध्यक्ष प्रवीण जैन ने कहा कि डॉ. प्रथम अरोड़ा की मेहनत, समर्पण और मरीजों के प्रति सेवा भावना युवाओं के लिए प्रेरणा है। परिषद की ओर से उन्हें स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।अपने संबोधन में डॉ. प्रथम अरोड़ा ने सभी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह सम्मान उन्हें और अधिक जिम्मेदारी के साथ कार्य करने की प्रेरणा देगा। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी मरीजों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए वे निरंतर प्रयासरत रहेंगे। समारोह के दौरान उत्साह एवं गौरव का माहौल बना रहा। इस मोके पर निहाल सिंह, डॉ अनुमूर्ति शर्मा, दिनेश शर्मा मौजूद थे।
