
श्री रविदास मंदिर में सामाजिक कार्यकर्ताओं ने किया सम्मान
हनुमानगढ़।(भटनेर एक्सप्रेस) भारतीय जनता पार्टी अनुसूचित जाति मोर्चा के नवनियुक्त जिलाध्यक्ष प्रदीप कड़वा का मंगलवार को जंक्शन स्थित श्री रविदास मंदिर में सामाजिक कार्यकर्ताओं की ओर से स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। इस मौके पर प्रदीप कड़वा ने श्री रविदास मंदिर में माथा टेककर संत शिरोमणि गुरु रविदास जी महाराज का आशीर्वाद प्राप्त किया तथा संगठन की मजबूती, जनसेवा और समाज कल्याण के संकल्प को आगे बढ़ाने का विश्वास व्यक्त किया। कार्यक्रम में मौजूद सामाजिक कार्यकर्ताओं ने नवनियुक्त जिलाध्यक्ष को शुभकामनाएं देते हुए उनके सफल कार्यकाल की मंगलकामना की। वक्ताओं ने कहा कि प्रदीप कड़वा के नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी अनुसूचित जाति मोर्चा जिले में संगठनात्मक रूप से और अधिक सशक्त होगा तथा समाज के अंतिम व्यक्ति तक सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। सामाजिक कार्यकर्ताओं ने विश्वास जताया कि प्रदीप कड़वा के नेतृत्व में संगठन नई ऊंचाइयों को प्राप्त करेगा तथा समाज और राष्ट्रहित में उल्लेखनीय कार्य संपादित करेगा। कार्यक्रम के दौरान मौजूद नागरिकों ने प्रदीप कड़वा का माल्यार्पण कर सम्मान किया तथा उनके उज्ज्वल एवं सफल कार्यकाल की शुभकामनाएं दीं। इस मौके पर संविधान सेना राजस्थान के प्रदेश संयोजक राजेश भारतीय, प्रदेश सचिव फिरोज कुरैशी, सोमा नन्दा, अकबर खान, वीर सिंह, विनोद कुमार, रणवीर सिंह नायक, रतन आजाद, मूलचंद, हेमचंद मांडिया, विनोद बोगिया मौजूद रहे।
