
विशेष अभियान शुरू, अवैध मॉडिफिकेशन व नियम विरुद्ध नम्बर प्लेट पर होगी कार्रवाई
लाल-नीली बत्ती, प्रेशर हॉर्न और काली फिल्म वाले वाहन निशाने पर
30 जून तक पुलिस-परिवहन विभाग करेगा संयुक्त कार्रवाई
हनुमानगढ़। (भटनेर एक्सप्रेस) सडक़ सुरक्षा को लेकर राजस्थान पुलिस और परिवहन विभाग ने जून माह में विशेष अभियान शुरू किया है। अभियान के तहत वाहनों में किए गए अवैध परिवर्तन, अनाधिकृत लाल-नीली बत्ती, प्रेशर हॉर्न, काली फिल्म, नियम विरुद्ध नम्बर प्लेट तथा वाहन पर अनाधिकृत शब्द, चिन्ह एवं लेखन प्रदर्शित करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। महानिदेशक पुलिस कार्यालय, जयपुर से जारी निर्देशों के बाद पुलिस अधीक्षक हनुमानगढ़ कार्यालय ने जिले के सभी थाना प्रभारियों और यातायात शाखा को अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित करने के निर्देश दिए गए हैं। 1 जून से शुरू हुआ यह विशेष अभियान 30 जून तक चलेगा। निर्देशों के अनुसार राज्य में बड़ी संख्या में ऐसे वाहन संचालित हो रहे हैं जिनमें मोटरयान अधिनियम 1988 और केन्द्रीय मोटरयान नियम 1989 के प्रावधानों के विपरीत संशोधन किए गए हैं। इनमें अवैध बॉडी मॉडिफिकेशन, लाल-नीली बत्ती, फ्लैशर, स्ट्रोब लाइट, हूटर, प्रेशर हॉर्न, एयर हॉर्न, काली फिल्म और नियम विरुद्ध नम्बर प्लेट प्रमुख हैं। अधिकारियों का मानना है कि ऐसे वाहन सडक़ सुरक्षा के लिए खतरा बनने के साथ-साथ कई बार अवैध गतिविधियों में भी उपयोग किए जाते हैं। अभियान के दौरान वाहन की बॉडी या चेसिस में अवैध परिवर्तन करने वालों के खिलाफ मोटरयान अधिनियम की धारा 182(ए) के तहत कार्रवाई की जाएगी। वहीं अनाधिकृत लाल-नीली बत्ती, फ्लैशर, हूटर तथा प्रेशर हॉर्न लगाने वालों के विरुद्ध भी नियमानुसार चालान और अन्य कानूनी कार्रवाई होगी। वाहनों के शीशों पर काली फिल्म लगाने, नम्बर प्लेट पर अनाधिकृत शब्द, पदनाम, चिन्ह या अन्य लेखन अंकित करने तथा पंजीयन चिन्ह की दृश्यता प्रभावित करने वालों पर भी कार्रवाई की जाएगी। नियम विरुद्ध नम्बर प्लेट पाए जाने पर मोटरयान अधिनियम की धारा 192 के तहत दंडात्मक कार्रवाई के साथ आवश्यक होने पर वाहन जब्त भी किया जा सकता है। पुलिस विभाग ने सभी थाना प्रभारियों को परिवहन विभाग के साथ समन्वय स्थापित कर संयुक्त टीमों के माध्यम से सघन जांच अभियान चलाने तथा प्रतिदिन की कार्रवाई की रिपोर्ट जिला मुख्यालय को भेजने के निर्देश दिए हैं। यातायात शाखा प्रभारी अनिल चिन्दा ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे अपने वाहनों में लगाए गए नियम विरुद्ध उपकरण, काली फिल्म, हूटर, लाल-नीली बत्ती और अवैध नम्बर प्लेट को स्वयं हटाकर कानून का पालन करें, ताकि कार्रवाई से बचा जा सके और सडक़ सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।

