
वीरा केन्द्र ने चलाया परिंडा लगाओ अभियान, पक्षियों के लिए की जल सेवा
हनुमानगढ़।(भटनेर एक्सप्रेस) महावीर इंटरनेशनल वीरा केन्द्र की ओर से शहर में चलाए जा रहे परिंडा लगाओ अभियान के तहत मंगलवार को जंक्शन के सेक्टर 9 स्थित वार्ड 49 के विनय वाटिका पार्क में पक्षियों के लिए जल सेवा का आयोजन किया गया। वीरा विंग की अध्यक्ष कंचन गुप्ता के नेतृत्व में महिलाओं और बच्चों ने पेड़ों पर परिंडे बांधकर उनमें पानी भरा तथा पक्षियों के संरक्षण का संदेश दिया। कार्यक्रम में पूर्व पार्षद अंजना जैन ने कहा कि ग्यारस के मौके पर जहां आमजन के लिए जल सेवा की जाती है, वहीं वीरा केन्द्र ने पक्षियों के लिए जल सेवा कर सराहनीय पहल की है। उन्होंने कहा कि लगाए गए परिंडों में नियमित रूप से पानी भरा जाएगा ताकि भीषण गर्मी में पक्षियों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध हो सके। पूर्व पार्षद गौरव जैन ने कहा कि हिन्दू धर्म में ग्यारस का विशेष महत्व है और इस दिन पक्षियों के लिए पानी की व्यवस्था करना पुण्य का कार्य है। उन्होंने आमजन से अपील की कि जहां भी परिंडा लगा हुआ दिखाई दे और वह खाली हो, वहां अपनी ओर से पानी अवश्य भरें। पक्षियों के लिए की गई यह छोटी-सी सेवा भी मानवता का बड़ा संदेश देती है। ब्रह्मकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय की बीके शीला ने कहा कि समाज में सेवा कार्यांे के प्रति जागरूकता बढऩा सुखद संकेत है। ऐसे आयोजनों से जीव-जंतुओं और पक्षियों के प्रति संवेदनशीलता बढ़ती है तथा मानवता की सच्ची सेवा का भाव विकसित होता है। वीरा विंग की अध्यक्ष कंचन गुप्ता ने कहा कि भीषण गर्मी के इस दौर में पक्षियों के लिए पानी की व्यवस्था करना प्रत्येक नागरिक का दायित्व है। महावीर इंटरनेशनल वीरा केन्द्र पिछले करीब पंद्रह दिनों से शहर के विभिन्न क्षेत्रों में परिंडे लगाकर पक्षियों के लिए जल सेवा कर रहा है। उन्होंने कहा कि छोटी-सी पहल भी पक्षियों के जीवन को बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है। उन्होंने आमजन से अपने घरों, प्रतिष्ठानों और पार्कांे में परिंडे लगाने तथा नियमित रूप से उनमें पानी भरने की अपील की। इस मौके पर मंजुला गर्ग, डॉ. अनिता शर्मा, मंजू दत्ता, अनुपमा विजय, रेखा बंसल, लीजा, रानी खोसा, प्रियंका भाकर, निधि कंवर, डॉ. रुचिका अग्रवाल, ऋचा गर्ग, पूनम धींगड़ा, श्वेता वधवा, शिल्पा जिंदल, बाला यादव, सरोज स्वामी, जीनिया सिंगला, सरस्वती बेनीवाल, बिंदु शर्मा और बबीता सहित अनेक महिलाएं मौजूद रहीं।
