
फिजिक्सवाला (PW) हनुमानगढ़ में सफलता का जश्न, विद्यार्थियों को लक्ष्य निर्धारित कर मेहनत करने का दिया संदेश
हनुमानगढ़ (भटनेर एक्सप्रेस) । जेईई एडवांस्ड 2026 में ऑल इंडिया 3941वीं रैंक प्राप्त कर जिले का नाम रोशन करने वाले छात्र वंशुल अग्रवाल का बुधवार को फिजिक्सवाला (PW) हनुमानगढ़ सेंटर में अभिनंदन समारोह आयोजित कर सम्मान किया गया। इस अवसर पर विद्यार्थियों, अभिभावकों और शिक्षकों ने वंशुल की उपलब्धि पर खुशी जताते हुए इसे जिले के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि नवज्योति कॉलेज की प्राचार्य डॉ. पायल गंबर, विशिष्ट अतिथि डॉ. अरुण अग्रवाल, डॉ. पूजा जुनेजा तथा मयंक माथुर, रजिस्ट्रार एसकेडी यूनिवर्सिटी, उपस्थित रहे। अतिथियों ने वंशुल अग्रवाल को साफा पहनाकर, स्मृति चिन्ह भेंट कर और पुष्पगुच्छ देकर सम्मानित किया। इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि जेईई एडवांस्ड देश की सबसे प्रतिष्ठित और चुनौतीपूर्ण परीक्षाओं में से एक है। ऐसे में वंशुल द्वारा 3941वीं रैंक हासिल करना न केवल उनके परिवार बल्कि पूरे हनुमानगढ़ जिले के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि यह सफलता अनुशासन, निरंतर अभ्यास और सही मार्गदर्शन का परिणाम है। अपने संबोधन में वंशुल अग्रवाल ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता, शिक्षकों और फिजिक्सवाला (PW) संस्थान को दिया। उन्होंने कहा कि परिवार का सहयोग और शिक्षकों का मार्गदर्शन उनके लिए प्रेरणा का सबसे बड़ा स्रोत रहा। वंशुल ने विद्यार्थियों को संदेश देते हुए कहा कि जीवन में स्पष्ट लक्ष्य निर्धारित करना बेहद आवश्यक है। यदि छात्र नियमित रूप से मेहनत करें और अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहें तो सफलता अवश्य मिलती है। वंशुल ने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के दौरान समय का सही प्रबंधन और लगातार अभ्यास बहुत महत्वपूर्ण होता है। उन्होंने विद्यार्थियों को सोशल मीडिया और अन्य अनावश्यक गतिविधियों से दूरी बनाकर पढ़ाई पर ध्यान केंद्रित करने की सलाह दी। इसी के साथ अंशुमन, लक्ष्य, निखिल, मंयक, रंजन ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया, जिनका भी अतिथियों द्वारा अभिनंदन किया। कार्यक्रम में फिजिक्सवाला (PW) हनुमानगढ़ की टीम ने बताया कि संस्थान के संचालन के पहले ही वर्ष में जेईई एडवांस्ड जैसी प्रतिष्ठित परीक्षा में यह उल्लेखनीय सफलता प्राप्त हुई है। संस्थान के शिक्षकों ने इसे विद्यार्थियों की मेहनत और गुणवत्तापूर्ण शैक्षणिक मार्गदर्शन का परिणाम बताया। समारोह के अंत में उपस्थित विद्यार्थियों ने वंशुल से परीक्षा की तैयारी से जुड़े अनुभव साझा किए और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। पूरे कार्यक्रम का माहौल उत्साह और प्रेरणा से भरपूर रहा तथा विद्यार्थियों ने वंशुल की सफलता से प्रेरणा लेकर अपने शैक्षणिक लक्ष्यों को हासिल करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में फिजिक्सवाला संस्थान का समस्त स्टॉफ मौजूद रहा, जिन्होने विद्यार्थियों का अभिनंदन किया।

