
जिला कलक्टर, विधायक व उपनिदेशक को सौंपा ज्ञापन
हनुमानगढ़ (भटनेर एक्सप्रेस) संविदा कैडर-2022 में शामिल करने, फुल टाइम नियुक्ति देने तथा मानदेय में वृद्धि की मांग को लेकर राजकीय आयुर्वेद औषधालयों में कार्यरत योग प्रशिक्षकों ने शुक्रवार को जिला कलक्टर डॉ. खुशाल यादव, विधायक गणेश राज बंसल व आयुर्वेद विभाग के उपनिदेशक डॉ. तीर्थ कुमार शर्मा को ज्ञापन सौंपा। अखिल राजस्थान योग प्रशिक्षक महासंघ (पंजीकृत) के बैनर तले सौंपे गए ज्ञापन में बताया गया कि राजस्थान में राष्ट्रीय आयुष मिशन के अंतर्गत जुलाई 2021 में राजकीय आयुर्वेद औषधालयों (आयुष्मान आरोग्य मंदिर) पर महिला एवं पुरुष योग प्रशिक्षकों की नियुक्ति की गई थी। वर्तमान में प्रदेशभर में लगभग 3700 महिला एवं पुरुष योग प्रशिक्षक कार्यरत हैं, जो प्रतिदिन औषधालय, पंचायत तथा विद्यालय स्तर पर योग प्रशिक्षण देकर लोगों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित कर रहे हैं। वे केवल योगाभ्यास ही नहीं करा रहे हैं, बल्कि स्वास्थ्य संबंधी जागरूकता फैलाने, रोगों की रोकथाम और निरोगी जीवन के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। लेकिन योग प्रशिक्षकों को वर्तमान में बहुत कम मानदेय दिया जा रहा है। महिला योग प्रशिक्षकों को 5000 रुपए तथा पुरुष योग प्रशिक्षकों को 8000 रुपए प्रतिमाह मानदेय मिलता है, जिससे परिवार का भरण-पोषण करना बेहद कठिन हो गया है। बढ़ती महंगाई और आर्थिक जिम्मेदारियों के बीच यह राशि पर्याप्त नहीं है। ऐसे में योग प्रशिक्षकों को आर्थिक असुरक्षा का सामना करना पड़ रहा है। महासंघ के पदाधिकारियों और सदस्यों ने मांग की कि राजकीय आयुर्वेद औषधालयों में कार्यरत योग प्रशिक्षकों को संविदा कैडर-2022 में शामिल किया जाए, उन्हें फुल टाइम कर्मचारी का दर्जा दिया जाए तथा मानदेय में उचित वृद्धि की जाए। इस मौके पर पूर्व पार्षद प्रमोद सोनी, महेन्द्र शर्मा, मुकेश सैन, हेमलता कंवर, कविता, इन्द्रसैन, राजेन्द्र राठौड़, ईशा शर्मा, इमरान खान, मंजू, विद्या, संदीप, हरचंद, सुरेश, सुबो बाई, नंद किशोर, लक्ष्मी तथा राजपाल सहित अनेक योग प्रशिक्षक मौजूद रहे।
