
विशाल रक्तदान शिविर में उमड़ा जनसैलाब, 305 यूनिट रक्त संग्रह
हनुमानगढ़ (भटनेर एक्सप्रेस) टाउन स्थित बिश्नोई धर्मशाला में आज डॉक्टर मानव भादू की प्रथम पुण्य तिथि के अवसर पर विशाल रक्तदान शिविर एवं श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। यह आयोजन स्वर्गीय डॉक्टर मानव भादू की स्मृति को समर्पित रहा, जिसमें प्रशासनिक अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, समाजसेवियों एवं आम नागरिकों ने बड़ी संख्या में भाग लेकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। कार्यक्रम के दौरान डॉक्टर मानव भादू के पिता दलीप भादू ने भावुक होकर बताया कि 12 जून 2025 को बी.जे. मेडिकल कॉलेज, अहमदाबाद के परिसर में हुए एक भीषण विमान हादसे में उनके पुत्र डॉक्टर मानव भादू का आकस्मिक निधन हो गया था। उन्होंने बताया कि डॉक्टर मानव भादू एमबीबीएस (मेडिकल) की पढ़ाई कर रहा था। जिस समय यह दुखद हादसा हुआ, उस समय डॉक्टर मानव भादू अपने हॉस्टल में भोजन कर रहा था। इस असमय और अप्रत्याशित दुर्घटना ने पूरे परिवार को गहरा आघात पहुंचाया। दलीप भादू ने कहा कि उनके पुत्र ने अपने अल्प जीवन में ही अपने समर्पण, प्रतिभा और स्नेह से न केवल परिवार बल्कि समाज और राजस्थान का नाम भी गौरवान्वित किया। उन्होंने उपस्थित जनसमूह का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार का आयोजन उनके पुत्र के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है। इस अवसर पर जिला प्रशासन एवं पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों सहित कई राजनीतिक व सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि मौजूद रहे। जिला कलक्टर डॉक्टर खुशाल यादव, जिला पुलिस अधीक्षक नरेंद्र मीणा,अतिरिक्त जिला पुलिस अधीक्षक अरविंद बिश्नोई,उपखंड अधिकारी मांगीलाल सुथार, डीएसपी मीनाक्षी चौधरी, ,डॉ एसएस गेट अध्यक्ष आईएमए , डॉ एम पी शर्मा,डॉ शंकर पारीक,रामनिवास मांडण सचिव इंडियन रेडक्रॉस सोसायटी,एचडीएफसी बैंक के अधिकारी, तथा शहर के अनेक गणमान्य नागरिकों ने डॉक्टर मानव भादू के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर नमन किया। अपने संबोधन में जिला कलक्टर, जिला पुलिस अधीक्षक, उपखंड अधिकारी एवं डीएसपी ने डॉक्टर मानव भादू को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि उनका जाना समाज के लिए अपूरणीय क्षति है। उन्होंने शोक संतप्त परिवार को इस दुःख की घड़ी में धैर्य और संबल प्रदान करने की कामना की। विशाल रक्तदान शिविर में राजकीय महात्मा गांधी चिकित्सालय की ब्लड बैंक टीम द्वारा रक्त संग्रह किया गया। शिविर में युवाओं, महिलाओं एवं सामाजिक संगठनों के सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। आयोजकों के अनुसार, शिविर के दौरान लगभग 305 यूनिट रक्त संग्रह हुआ, जो जरूरतमंद मरीजों के लिए जीवनरक्षक सिद्ध होगा। कार्यक्रम के अंत में आयोजकों ने सभी रक्तदाताओं, अधिकारियों एवं उपस्थित नागरिकों का आभार व्यक्त किया और कहा कि डॉक्टर मानव भादू की स्मृति में ऐसे सामाजिक कार्य आगे भी निरंतर किए जाते रहेंगे।
