
पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपकर मुकदमा दर्ज करने और सुरक्षा प्रदान करने की मांग
हनुमानगढ़ (भटनेर एक्सप्रेस) रावतसर क्षेत्र की 16 डीडब्ल्यूडी (3 आरडब्ल्यूएम) कॉलोनी के निवासियों ने कॉलोनी में जबरन कब्जा करने के प्रयास, धमकाने, गाली-गलौच करने तथा शांति व्यवस्था भंग करने का आरोप लगाते हुए पुलिस अधीक्षक हनुमानगढ़ को ज्ञापन सौंपकर आरोपितों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की मांग की है। ज्ञापन में कॉलोनीवासियों ने अपनी सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा मामले की निष्पक्ष जांच करवाने की अपील की है। पुलिस अधीक्षक को दिए गए प्रार्थना पत्र में कॉलोनीवासियों ने बताया कि रावतसर के निकट स्थित 16 डीडब्ल्यूडी (3 आरडब्ल्यूएम) कॉलोनी लगभग 15 वर्ष पूर्व विकसित की गई थी। वर्तमान में कॉलोनी में करीब 100 से 150 मकान बने हुए हैं तथा लगभग 150 परिवार निवास कर रहे हैं। कॉलोनी में रहने वाले लोगों के पास बिजली कनेक्शन, बिजली बिल और अन्य आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध हैं। इसके अलावा कई भूखंडों पर पुराने निर्माण और कब्जे से जुड़े अन्य साक्ष्य भी मौजूद हैं। ज्ञापन में बताया गया कि उक्त भूमि मूल रूप से मदनलाल पुत्र रामेश्वर लाल द्वारा श्योचंद पुत्र दुलीचंद से खरीदी गई थी। इसके बाद समय-समय पर विभिन्न व्यक्तियों को भूखंड बेचे गए और कई परिवारों ने यहां मकान बनाकर स्थायी निवास शुरू कर दिया। पिछले डेढ़ दशक से कॉलोनीवासी शांतिपूर्वक निवास कर रहे हैं। कॉलोनीवासियों का आरोप है कि मदनलाल के निधन के बाद जानकारी मिली कि श्योचंद ने उक्त भूमि किसी अन्य व्यक्ति को बेच दी। इसके बाद पिछले कुछ दिनों से बृजलाल मटोरिया और उसके साथ दो अन्य व्यक्ति कॉलोनी में आकर जमीन पर अपना दावा जताते हुए निवासियों को कॉलोनी खाली करने की धमकी दे रहे हैं। आरोप है कि ये लोग स्वयं को प्रभावशाली बताते हुए उच्च अधिकारियों तक पहुंच होने की बात कहते हैं तथा कॉलोनीवासियों को बेदखल कराने की चेतावनी देते हैं। ज्ञापन में यह भी आरोप लगाया गया है कि संबंधित व्यक्ति कॉलोनीवासियों के साथ अभद्र व्यवहार करते हैं, गाली-गलौच करते हैं तथा अनुसूचित जाति वर्ग के लोगों के प्रति जातिसूचक शब्दों का प्रयोग कर उनका अपमान करते हैं। इससे कॉलोनी में भय और तनाव का माहौल बना हुआ है तथा किसी भी समय शांति व्यवस्था बिगड़ने की आशंका बनी हुई है। कॉलोनीवासियों ने पुलिस प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच करवाने, आरोपितों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई करने, उन्हें पाबंद करने तथा कॉलोनी में सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि प्रशासन के हस्तक्षेप से ही क्षेत्र में शांति और कानून व्यवस्था कायम रह सकेगी तथा लोग भयमुक्त वातावरण में अपने घरों में रह सकेंगे। इस मौके पर राधेश्याम, कुलदीप, वीर सिंह, मनीष कुमार, विनोद कुमार, गुगन, महावीर व अन्य ग्रामीण मौजूद थे।
