
प्रदेश अध्यक्ष पृथ्वीराज गुर्जर ने अधिकारियों से की वार्ता, शीघ्र समाधान नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी
हनुमानगढ़ (भटनेर एक्सप्रेस) राजस्थान विद्युत तकनीकी कर्मचारी एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष पृथ्वीराज गुर्जर के हनुमानगढ़ आगमन पर विद्युत विभाग के अधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इस दौरान जिले में विद्युत कर्मचारियों के समक्ष आ रही विभिन्न समस्याओं एवं उपभोक्ताओं को प्रभावित करने वाले मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। प्रदेश अध्यक्ष पृथ्वीराज गुर्जर ने अधीक्षण अभियंता एवं सहायक अभियंता कुलदीप पुनिया से मुलाकात कर कर्मचारियों की ओर से कई महत्वपूर्ण मांगें और समस्याएं रखीं। उन्होंने विशेष रूप से एफआरटी (FRT) की कार्यप्रणाली को लेकर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि वर्तमान व्यवस्था के कारण आम कर्मचारियों के साथ-साथ उपभोक्ताओं में भी असंतोष का माहौल है। कई बार जनता के रोष का सामना सीधे तौर पर फील्ड में कार्यरत कर्मचारियों को करना पड़ता है। बैठक में जिले में कर्मचारियों की कमी का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया। एसोसिएशन पदाधिकारियों ने बताया कि सीमित कर्मचारियों के भरोसे व्यापक क्षेत्र में विद्युत व्यवस्था का संचालन किया जा रहा है, जिससे कार्य का दबाव लगातार बढ़ रहा है। इसके अलावा कर्मचारियों से जुड़े अन्य प्रशासनिक एवं तकनीकी मुद्दों पर भी अधिकारियों का ध्यान आकर्षित किया गया। अधीक्षण अभियंता एवं अन्य अधिकारियों ने एसोसिएशन की ओर से रखी गई समस्याओं को गंभीरता से सुना और जिले में आ रही विभिन्न परेशानियों के समाधान के लिए सकारात्मक प्रयास करने का भरोसा दिलाया। अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि कर्मचारियों को अनावश्यक परेशानियों से राहत दिलाने तथा विद्युत सेवाओं को और बेहतर बनाने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष पृथ्वीराज गुर्जर ने कहा कि कर्मचारियों की समस्याओं का समयबद्ध समाधान होना आवश्यक है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि लंबे समय से लंबित मुद्दों का शीघ्र निराकरण नहीं किया गया तो संगठन आगामी समय में आंदोलनात्मक रणनीति अपनाने के लिए बाध्य होगा। उन्होंने कहा कि कर्मचारी विद्युत व्यवस्था की रीढ़ हैं और उनकी समस्याओं की अनदेखी किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जाएगी। बैठक में एसोसिएशन के प्रदेश उपाध्यक्ष रमेश हुड्डा, प्रदेश संगठन मंत्री अनिल चलका, इंद्राज मीणा, जिलाध्यक्ष अक्षय वर्मा, दीपक, जितेंद्र शेखावत, दिनेश, ज्योति, सुरेंद्र सहित बड़ी संख्या में कर्मचारी एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे। सभी ने एकजुट होकर कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान की मांग उठाई।
