
पद्मश्री जसपाल राणा को दी भावभीनी श्रद्धांजलि, सड़क का नाम उनके नाम पर रखने का प्रस्ताव
हनुमानगढ़ (भटनेर एक्सप्रेस) उत्तराखंड विकास समिति की ओर से पद्मश्री सम्मानित अंतरराष्ट्रीय निशानेबाज एवं प्रसिद्ध कोच जसपाल राणा के निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। समिति के सदस्यों एवं खिलाड़ियों ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए दो मिनट का मौन रखकर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। समिति के संरक्षक सतीश चमोली ने कहा कि जसपाल राणा केवल एक उत्कृष्ट निशानेबाज ही नहीं, बल्कि देश के सर्वश्रेष्ठ शूटिंग प्रशिक्षकों में भी शामिल थे। उन्होंने अपने खेल जीवन में अनेक राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय उपलब्धियां हासिल कर भारत का नाम विश्व पटल पर गौरवान्वित किया। उनके मार्गदर्शन में कई खिलाड़ियों ने देश और विदेश में सफलता के नए आयाम स्थापित किए। उन्होंने बताया कि वर्ष 2003 में जसपाल राणा हनुमानगढ़ भी आए थे। उनका उत्तराखंड विकास समिति से विशेष जुड़ाव रहा और वे समिति के अहम सदस्य थे। चमोली ने कहा कि बद्रीनाथ धर्मशाला के निर्माण में जसपाल राणा के पिता का भी महत्वपूर्ण योगदान रहा, जिसे सदैव याद रखा जाएगा। उनके निधन से खेल जगत के साथ-साथ समाज को भी अपूरणीय क्षति हुई है। श्रद्धांजलि सभा के दौरान पार्षद सुनील अमलानी एवं पार्षद सुरेश धमीजा ने समिति के आग्रह पर आश्वासन दिया कि वे बद्रीनाथ धर्मशाला के सामने स्थित सड़क का नाम “जसपाल राणा मार्ग” रखने के लिए हरसंभव प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि यह महान खिलाड़ी और समाजसेवी के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी तथा आने वाली पीढ़ियों को उनके योगदान की प्रेरणा मिलती रहेगी। सभा में उपस्थित सदस्यों ने जसपाल राणा के व्यक्तित्व एवं कृतित्व को याद करते हुए कहा कि उनका जीवन अनुशासन, समर्पण और राष्ट्रसेवा का प्रतीक था। खेलों के प्रति उनका योगदान सदैव स्मरणीय रहेगा। इस अवसर पर हरीश चमोली, मंगल सिंह, मानवेन्द्र भादू, अस्त्रवीर भादू, मनोज, पिंटू, धीरज, सीपी चमोली सहित बड़ी संख्या में समिति सदस्य एवं खिलाड़ी उपस्थित रहे। सभी ने दिवंगत जसपाल राणा को श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया।
