
हवन यज्ञ व गौ पूजा में उमड़ी श्रद्धा, गौ माता को हरा चारा व गौ लड्डू अर्पित
हनुमानगढ़ (भटनेर एक्सप्रेस) टाउन की बरकत कॉलोनी स्थित फाटक गौशाला में सोमवती अमावस्या के मौके पर सोमवार को हवन यज्ञ एवं गौ पूजा का आयोजन किया गया। धार्मिक अनुष्ठान में श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और पुण्य लाभ अर्जित किया। कार्यक्रम का शुभारंभ वैदिक मंत्रोच्चार के साथ हुआ। पंडित रामप्रकाश शास्त्री ने वैदिक रीति-रिवाजों के अनुसार हवन यज्ञ सम्पन्न कराया। श्रद्धालुओं ने यज्ञ में आहुतियां अर्पित करते हुए परिवार, समाज और राष्ट्र के सुख, शांति, समृद्धि एवं कल्याण की कामना की। आयोजन के दौरान गौ माता की विशेष पूजा-अर्चना की गई। गौ सेवकों ने गायों को हरा चारा एवं विशेष रूप से तैयार किए गए पौष्टिक गौ लड्डू खिलाए। श्रद्धालुओं ने गौ माता के चरणों में पुष्प अर्पित कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। इस मौके पर गौशाला अध्यक्ष मुरलीधर अग्रवाल ने कहा कि सोमवती अमावस्या हिन्दू धर्म में अत्यंत पुण्यदायी और दुर्लभ तिथि मानी जाती है। जब अमावस्या सोमवार के दिन पड़ती है तो उसे सोमवती अमावस्या कहा जाता है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार इस दिन स्नान, दान, जप, तप और भगवान शिव की आराधना करने से विशेष पुण्य की प्राप्ति होती है तथा पितरों का आशीर्वाद भी मिलता है। उन्होंने गौ सेवा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि गौ सेवा केवल धार्मिक आस्था का विषय नहीं, बल्कि मानवीय संवेदनाओं और संस्कारों से जुड़ा एक महत्वपूर्ण दायित्व है। ऐसे आयोजन समाज में धार्मिक चेतना, सेवा भावना और संस्कारों को मजबूत करने का कार्य करते हैं। कार्यक्रम में प्रियंका, सुमन, प्रेमलता, पुष्पा देवी, नीतीश स्वामी, हिमांश, रमेश, मनोज, मनीष, चंडूराम, ललित गोयल, खुश, मनीषा, सत्यनारायण राजपुरोहित, रेखा राजपुरोहित, उर्मिला बजाज, अनिल, नीलम, अर्चना, जोतराम, आशा देवी, सुमन पारीक सहित अनेक श्रद्धालुओं ने हवन यज्ञ में हिस्सा लिया। समापन पर गौशाला समिति ने भविष्य में भी ऐसे धार्मिक और सामाजिक आयोजनों को निरंतर आयोजित करने का संकल्प लिया, ताकि गौ सेवा, भारतीय संस्कृति और धार्मिक मूल्यों को और अधिक सुदृढ़ किया जा सके।
