
श्री अमरनाथ सेवा समिति की पहल, विधायक गणेशराज बंसल ने किया लोकर्पण
हनुमानगढ़ (भटनेर एक्सप्रेस) श्री अमरनाथ सेवा समिति की ओर से टाउन स्थित राजकीय जिला चिकित्सालय की धर्मार्थ धर्मशाला परिसर में स्थापित शीतल जल घर का विधिवत लोकार्पण सोमवार को किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विधायक गणेश राज बंसल तथा विशिष्ट अतिथि प्रमुख चिकित्सा अधिकारी डॉ. शंकरलाल सोनी रहे। अध्यक्षता श्री अमरनाथ सेवा समिति के प्रधान सूरजभान मित्तल ने की। अतिथियों की ओर से शीतल जल घर को आमजन के लिए समर्पित किया गया। अब अस्पताल में आने वाले मरीजों, उनके परिजनों और अन्य जरूरतमंद लोगों को आसानी से ठंडा, स्वच्छ एवं मीठा पानी उपलब्ध हो सकेगा। अपने संबोधन में विधायक गणेश राज बंसल ने समिति के इस जनसेवा कार्य की सराहना करते हुए कहा कि अस्पताल परिसर में शीतल जल की सुविधा उपलब्ध कराना मानव सेवा का उत्कृष्ट उदाहरण है। सामाजिक संस्थाओं की ऐसी पहलें समाज में सेवा और सहयोग की भावना को मजबूत करती हैं। समिति सचिव इन्द्रजीत चराया ने बताया कि धर्मार्थ धर्मशाला में प्रतिदिन बड़ी संख्या में मरीज और उनके परिजन आते हैं। गर्मी के मौसम में पेयजल की बढ़ती आवश्यकता को देखते हुए समिति ने शीतल जल घर की स्थापना का निर्णय लिया। इस सेवा परियोजना के तहत लगाया गया आधुनिक वाटर कूलर सोमप्रकाश गोयल की स्मृति में उनके पुत्र विनोद गोयल की ओर से भेंट किया गया है। इसकी लागत लगभग 80 से 85 हजार रुपए है। कार्यक्रम में समिति संरक्षक विनोद गर्ग, कोषाध्यक्ष गोविंद सोमानी, प्रचार प्रभारी राजकुमार, प्रवक्ता विनय सिंगला, भंडार एवं स्टोर प्रभारी प्रवीण गर्ग, कृष्ण मदान, संगरिया अमरनाथ सेवा समिति के अध्यक्ष तरसेम गर्ग, सतीश गर्ग, रजत बंसल, ओमप्रकाश छाबड़ा, शंकी कामरा, भोला सिंह, सुखविंद्र सिंह, फूडग्रेन मर्चंेट्स एसोसिएशन के अध्यक्ष रामलाल किरोड़ीवाल, पूर्व अध्यक्ष संतराम जिंदल, नरोत्तम सिंगला, अशोक जिंदल, सनी जुनेजा, अरोड़वंश सभा के अध्यक्ष रामलुभाया तिन्ना, बालकिशन गोल्याण, मोहनलाल शर्मा, अमित माहेश्वरी, सुभाष सिंगला सहित कई गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
