
राष्ट्रीय युवक परिषद ने धर्मशाला परिसर में लगाए 21 परिण्डे
हनुमानगढ़ (भटनेर एक्सप्रेस) जंक्शन स्थित कुम्हार धर्मशाला में सोमवार को राष्ट्रीय युवक परिषद सदस्यों की ओर से भीषण गर्मी को देखते हुए बेजुबान पक्षियों के लिए पीने के पानी की व्यवस्था की गई। इस दौरान परिषद के सदस्यों ने परिसर में कुल 21 परिण्डे लगाए। यह आयोजन पर्यावरण संरक्षण, जीव दया और मानवीय संवेदनाओं को समर्पित रहा, जिसे स्थानीय नागरिकों ने सराहा। कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रीय युवक परिषद के जिलाध्यक्ष प्रवीण जैन ने कहा कि तेज गर्मी के कारण पक्षियों को पानी की भारी कमी का सामना करना पड़ता है। कई स्थानों पर जल स्रोत सूख जाने से पक्षियों का जीवन संकट में आ जाता है। इसी समस्या को ध्यान में रखते हुए परिषद की ओर से लगातार परिण्डे लगाने का अभियान चलाया जा रहा है, ताकि बेजुबान पक्षियों को राहत मिल सके। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह कोई एक दिन का कार्यक्रम नहीं है, बल्कि परिषद पूरे जिले में निरंतर इस प्रकार के सेवा और पर्यावरण संरक्षण से जुड़े कार्य कर रही है। परिषद भविष्य में भी इस तरह के पर्यावरण एवं समाजसेवी कार्यक्रम लगातार जारी रखेगी। उनका उद्देश्य केवल मानव सेवा ही नहीं, बल्कि प्रकृति, पर्यावरण और बेजुबान जीवों की रक्षा करना है, ताकि समाज में करुणा और जिम्मेदारी की भावना को और मजबूत किया जा सके। इस मौके पर विनोद प्रजापत, सुनील प्रजापत, निहाल सिंह, पवन सोनी, रामलाल कांवलिया, रामगोपाल सैन, विमला, राजकुमार प्रजापत, राखी, मानवी सहित अनेक सदस्य मौजूद रहे। सभी ने मिलकर पेड़ों पर परिण्डे लगाए और उनमें नियमित रूप से पानी भरने का संकल्प लिया।
