
भारतीय किसान संघ की बैठक में किसानों की समस्याओं पर हुई चर्चा
हनुमानगढ़ (भटनेर एक्सप्रेस) भारतीय किसान संघ तहसील हनुमानगढ़ की मासिक बैठक का आयोजन सोमवार को किया गया। इसमें क्षेत्र के किसानों की विभिन्न समस्याओं पर चर्चा की गई। बैठक में विशेष रूप से खेती के मौजूदा सीजन के दौरान किसानों को खाद उपलब्ध कराने में आ रही परेशानियों पर चिंता व्यक्त की गई। बैठक में किसानों ने बताया कि वर्तमान समय में फसलों की बुवाई, बिजाई और सिंचाई का कार्य चल रहा है, लेकिन बाजार में डीएपी और यूरिया खाद की पर्याप्त उपलब्धता नहीं होने से किसानों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। खाद प्राप्त करने के लिए किसानों को विभिन्न स्थानों पर भटकना पड़ रहा है, जिससे कृषि कार्य प्रभावित हो रहे हैं। बैठक के बाद भारतीय किसान संघ के प्रतिनिधिमंडल ने उपखंड अधिकारी के नाम ज्ञापन सौंपकर किसानों को समय पर डीएपी और यूरिया खाद उपलब्ध करवाने की मांग की। संघ के तहसील अध्यक्ष गोपीराम बेनीवाल ने कहा कि यदि किसानों को समय पर खाद नहीं मिली तो फसलों की बुवाई और सिंचाई प्रभावित हो सकती है, जिससे उत्पादन पर भी असर पड़ेगा। भारतीय किसान संघ ने प्रशासन से मांग की कि कृषि सीजन को देखते हुए डीएपी और यूरिया की पर्याप्त आपूर्ति सुनिश्चित की जाए, ताकि किसानों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े और वे समय पर कृषि कार्य सम्पन्न कर सकें। इस मौके पर संघ मंत्री पृथ्वीराज भादू सहित अनेक किसान मौजूद रहे।
