
185 मोटर व्हीकल अधिनियम के तहत चालकों पर हुई कार्रवाई
हनुमानगढ़ (भटनेर एक्सप्रेस) सडक़ सुरक्षा और दुर्घटनाओं की रोकथाम को लेकर यातायात पुलिस ने शराब पीकर वाहन चलाने वाले चालकों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक के निर्देशानुसार जिलेभर में संचालित इस अभियान के तहत रविवार को जिला मुख्यालय पर सघन जांच की गई। यातायात शाखा की टीम ने दुपहिया, तिपहिया और चौपहिया वाहनों की जांच करते हुए शराब के नशे में वाहन चलाने वाले चालकों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की। अभियान के दौरान कुल 26 वाहन चालक शराब पीकर वाहन चलाते पाए गए, जिनके विरुद्ध मोटर व्हीकल अधिनियम की धारा 185 के तहत कार्रवाई करते हुए उनके 26 वाहन सीज किए गए। यातायात शाखा प्रभारी अनिल चिन्दा ने बताया कि वाहन चालकों को लगातार यातायात नियमों की पालना करने तथा शराब पीकर वाहन नहीं चलाने के लिए जागरूक किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यातायात नियमों की अनदेखी अक्सर सडक़ दुर्घटनाओं का कारण बनती है, जिससे जान-माल का नुकसान होता है। उन्होंने आमजन से अपील की कि अपनी और दूसरों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यातायात नियमों का पालन करें तथा किसी भी स्थिति में शराब के सेवन के बाद वाहन नहीं चलाएं। पुलिस का यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।
