
ददरेवा (चूरू) के मूल निवासी थे कांस्टेबल नरेश कुमार
हनुमानगढ़ (भटनेर एक्सप्रेस) भादरा पुलिस थाने में कार्यरत कांस्टेबल नरेश कुमार का सोमवार सुबह एक सडक़ हादसे में आकस्मिक निधन हो गया। उनके निधन की खबर से पुलिस विभाग में शोक की लहर दौड़ गई। नरेश कुमार मूल रूप से चूरू जिले के ददरेवा गांव के निवासी थे। जानकारी के अनुसार सुबह करीब 10 बजे हुए सडक़ हादसे में कांस्टेबल नरेश कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद उन्हें बचाने के प्रयास किए गए, लेकिन उनकी जान नहीं बच सकी। उनके असामयिक निधन को पुलिस विभाग और सहकर्मियों ने अपूरणीय क्षति बताया है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारियों एवं जवानों में शोक व्याप्त हो गया। भादरा पुलिस थाना में थाना प्रभारी हनुमानाराम बिश्नोई सहित अन्य अधिकारियों व कर्मचारियों की ओर से दिवंगत कांस्टेबल को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके पार्थिव शरीर को पूरे राजकीय सम्मान के साथ उनके पैतृक गांव ददरेवा (चूरू) के लिए रवाना किया गया। विभागीय अधिकारियों के अनुसार दिवंगत कांस्टेबल का अंतिम संस्कार उनके पैतृक गांव में राजकीय सम्मान के साथ किया जाएगा। इस दुखद घटना पर पुलिस अधिकारियों, कर्मचारियों तथा विभिन्न सामाजिक संगठनों ने गहरा शोक व्यक्त किया है।
