
नागरिकों ने जताया जलभराव का खतरा, बोले-हर साल भुगतते हैं परेशानी, प्रशासन करे स्थायी समाधान
हनुमानगढ़ (भटनेर एक्सप्रेस) जंक्शन स्थित जिला कलक्ट्रेट के समीप और शिव मंदिर मल्टीप्लेक्स के पीछे बनी आईडीएसएमटी कॉलोनी में सोमवार को उस समय तनावपूर्ण स्थिति बन गई जब नगर परिषद की ओर से भेजी गई जेसीबी के जरिए नाले का गंदा पानी कॉलोनी की ओर मोडऩे के लिए बंधा तोडऩे का प्रयास किया गया। इसकी जानकारी मिलते ही कॉलोनीवासी मौके पर पहुंच गए और विरोध जताते हुए कार्य रुकवा दिया। कॉलोनी निवासी राजेन्द्र पचार ने बताया कि नगर परिषद की ओर से जेसीबी लगाकर नाले का गंदा पानी आईडीएसएमटी कॉलोनी की तरफ छोड़े जाने की तैयारी की जा रही थी। यदि यह पानी कॉलोनी की ओर मोड़ा गया तो क्षेत्र में गंभीर जलभराव की स्थिति पैदा हो जाएगी, क्योंकि जमीन पहले से ही पानी सोखने की क्षमता खो चुकी है। उन्होंने बताया कि बारिश के मौसम में कॉलोनी पहले ही जलभराव की समस्या से जूझती है। बरसात के दौरान घरों में पानी भर जाता है, जिससे लोगों का जनजीवन प्रभावित होता है और बच्चों को स्कूल जाने में भी परेशानी का सामना करना पड़ता है। कॉलोनी की अधिकांश सडक़ें अब तक नहीं बनी हैं, जिससे हालात और अधिक खराब हो जाते हैं। कॉलोनीवासियों का कहना है कि उन्होंने नगर परिषद से ऊंची कीमतों पर प्लॉट खरीदे थे, लेकिन वर्षांे बाद भी क्षेत्र में मूलभूत सुविधाओं और विकास कार्यांे का अभाव है। यदि शहर का बरसाती और नाले का पानी भी इसी क्षेत्र में छोड़ा गया तो कई मकानों के डूबने और क्षतिग्रस्त होने का खतरा पैदा हो जाएगा। कॉलोनीवासियों ने बताया कि पिछले वर्ष भी इसी प्रकार की स्थिति बनी थी, जिसके कारण कई मकानों की नींव में पानी भर गया था और भवनों को नुकसान पहुंचा था। गंदे पानी और बदबू से लोगों को लंबे समय तक परेशानी झेलनी पड़ी थी। कॉलोनीवासियों ने चेतावनी दी कि अभी तो प्री-मानसून की बारिश हुई है, जबकि आगामी दिनों में मानसून के सक्रिय होने पर हालात और गंभीर हो सकते हैं। उन्होंने जिला प्रशासन और नगर परिषद से मांग की कि समस्या का स्थायी समाधान किया जाए तथा कॉलोनी को जलभराव और गंदे पानी की समस्या से राहत दिलाने के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएं। इस मौके पर रामकुमार पूनिया, विमल गोयल, विजय गर्ग, ललित गर्ग, विनीत गर्ग, कपिल जोशी, राजेश बुरडक़ तथा बलविंद्र सहित कई कॉलोनीवासी मौजूद रहे।
