
पीलीबंगा। श्री रामोत्सव सेवा समिति, बजरंग दल, विश्व हिंदू परिषद के संयुक्त तत्वावधान में रविवार को विराट धर्म यात्रा निकाली गई। हाथों में केसरिया ध्वज उठाए हुए राम भक्त जय श्री राम, जय जय राम, जय बजरंगबली का जय घोष करते हुए धर्मयात्रा ने हमेशा अच्छाई का साथ देने और सत्य की विजय होने का संदेश दिया। इससे पूर्व गांधी स्टेडियम के खेल मैदान इस धर्म यात्रा में भाग लेने वाले कार्यकर्ताओं से खचाखच भरा हुआ नजर आया। मार्ग में अनेक स्थानों पर आरती उतारी गई एवं कस्बे वासियों ने पुष्प वर्षा करके जगह जगह इस धर्म यात्रा का स्वागत किया। धर्म यात्रा के मुख्य वक्ता अयोध्या (हनुमानगढ़) के महंत राजू दास महाराज ने अपने ओजस्वी भाषण में कहा कि अखंड भारत में श्रद्धा, विश्वास और भक्ति से ईश्वर का वास होने और हरेक व्यक्ति को अपने देश धर्म के लिए हमेशा सर्वस्व त्याग करने की भावना मन में धारण करनी होगी। दीन दुखियों की सेवा के साथ-साथ रामनवमी, नवरात्रा व हिंदू नूतन वर्ष पर हम सभी को संकल्पित होकर सुदृढ़ बनाना होगा, ताकि किसी भी परिस्थिति का सामना करने के लिए हमारा मन मानस हमेशा तैयार रहे। स्पष्ट शब्दों में राजू दास महाराज ने कहा कि जो भी सनातन की बात करेगा वह हमारे दिलो पर राज करेगा। इस धर्म यात्रा के क्रम में सबसे आगे डीजे की धुन, कलश यात्रा, भव्य रामरथ, राजू दास महाराज का वाहन, वीर शिवाजी, महाराणा प्रताप की झांकी, स्कूटी यात्रा (दुर्गा वाहिनी),नवदुर्गा एवम बाहुबली हनुमान झांकी व ध्वजवाहक शंकर भगवान की झांकी के बाद जेसीबी सहित अन्य सामाजिक एवं धार्मिक झांकियां के अलावा जीप कार पर सवार हजारों की तादाद में राम भक्त शामिल हुए।
