
यूपी नम्बर ट्रक में आया 90 क्विंटल गेहूं जब्त, मंडी समिति कर रही जांच
हनुमानगढ़ (भटनेर एक्सप्रेस) टाउन की कृषि उपज मंडी में बाहरी राज्य का गेहूं एमएसपी पर बिकने के मकसद से आने की आशंका के चलते मंगलवार को कृषि उपज मंडी समिति ने उत्तर प्रदेश नम्बर के एक ट्रक को जब्त कर जांच शुरू की है। ट्रक में करीब 90 क्विंटल गेहूं भरा हुआ बताया जा रहा है। चक 19 एसएसडब्ल्यू, रामसरा नारायण निवासी कपिल स्वामी ने बताया कि वह मंगलवार को अपने वाहन से चालक के साथ बाइपास मार्ग से गुजर रहे थे। इस दौरान शंकर धर्मकांटे पर खड़े एक यूपी नम्बर के ट्रक (यूपी 20 बीटी 0364) पर उनकी नजर पड़ी। पूछताछ करने पर चालक ने बताया कि ट्रक में भरा गेहूं उत्तर प्रदेश के बिजनौर क्षेत्र से लाया गया है। इसके बाद उन्होंने इसकी सूचना कृषि उपज मंडी समिति के अधिकारियों को दी। सूचना मिलने पर मंडी समिति के अधिकारी मौके पर पहुंचे और ट्रक को अपने कब्जे में लेकर मंडी समिति कार्यालय ले आए। कृषि उपज मंडी समिति टाउन के कर्मचारी साहबराम वर्मा ने बताया कि उन्हें दूरभाष के माध्यम से सूचना मिली थी कि शंकर धर्मकांटे पर खड़ा एक ट्रक बाहरी राज्य से गेहूं लेकर आया है। मौके पर पहुंचकर चालक और खलासी से पूछताछ की गई। कुछ समय बाद ट्रक मालिक भी वहां पहुंच गया, जिसके बाद ट्रक को मंडी समिति कार्यालय लाया गया। उन्होंने बताया कि ट्रक में करीब 90 क्विंटल गेहूं भरा हुआ मिला है, लेकिन यह स्पष्ट नहीं हो पाया कि गेहूं किस व्यापारी के लिए लाया गया था। जांच के दौरान ट्रक से संबंधित कोई बिल्टी या आवश्यक दस्तावेज भी उपलब्ध नहीं हुए। साहबराम वर्मा ने बताया कि मामले की जानकारी जिला प्रशासन और मंडी समिति सचिव को दे दी गई है। प्रशासन के निर्देशानुसार हनुमानगढ़ जिले में केवल पंजीकृत किसानों का गेहूं ही न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर खरीदा जा सकता है। बाहरी राज्यों का गेहूं मंडी में बेचने की अनुमति नहीं है। फिलहाल मंडी समिति और प्रशासन यह जांच कर रहे हैं कि ट्रक में भरा गेहूं वास्तव में उत्तर प्रदेश से लाया गया है या नहीं। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
