
हनुमानगढ़(भटनेर एक्सप्रेस)। गांव मेघाना में बुधवार को वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप जयंती मनाई गई। इस मौके पर आयोजित कार्यक्रम में श्री राष्ट्रीय करणी सेना के जिलाध्यक्ष जसवंत सिंह भाटी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम में वरिष्ठ नागरिक सवाईसिंह, भैरूसिंह एवं नरपत सिंह ने भी शिरकत कर महाराणा प्रताप को श्रद्धासुमन अर्पित किए। इस दौरान करणी सेना के दिवंगत राष्ट्रीय अध्यक्ष सुखदेव सिंह गोगामेड़ी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी गई तथा उनके समाजहित में किए गए कार्यों को याद किया गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जसवंत सिंह भाटी ने महाराणा प्रताप के जीवन, संघर्ष और त्याग पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि महाराणा प्रताप भारतीय इतिहास के ऐसे महान योद्धा थे जिन्होंने मातृभूमि, स्वाभिमान और स्वतंत्रता की रक्षा के लिए जीवनभर संघर्ष किया। विपरीत परिस्थितियों में भी उन्होंने कभी अपने सिद्धांतों से समझौता नहीं किया। उन्होंने युवाओं से महाराणा प्रताप के आदर्शों को आत्मसात कर राष्ट्रहित और समाजसेवा के कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि आज के युवाओं को महाराणा प्रताप की वीरता, दृढ़ संकल्प और राष्ट्रभक्ति से प्रेरणा लेकर अपने जीवन में अनुशासन, परिश्रम और सेवा भाव को अपनाना चाहिए। यही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी। इस मौके पर भारतीय सेना की अग्निवीर भर्ती में चयनित गांव के युवाओं का सम्मान समारोह भी आयोजित किया गया। अतिथियों ने अग्निवीर में चयनित मनोज सिंह, महेश सिंह, विकास सिंह, जितेन्द्र सिंह, विकास सिंह, दीपक चौधरी एवं रवि कुमार का माला पहनाकर अभिनंदन किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। वक्ताओं ने कहा कि सेना में चयनित होकर ये युवा न केवल अपने परिवार और गांव बल्कि पूरे क्षेत्र का नाम रोशन कर रहे हैं। कार्यक्रम में मौजूद ग्रामीणों ने महाराणा प्रताप के आदर्शों पर चलने तथा समाज और राष्ट्र के प्रति अपने दायित्वों का निर्वहन करने का संकल्प लिया।
