
भटनेर दुर्ग में हुआ सामूहिक योगाभ्यास, अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की तैयारियां तेज
हनुमानगढ़ (भटनेर एक्सप्रेस) प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर अंतरराष्ट्रीय योग दिवस-2026 के 50 दिवसीय काउंटडाउन कार्यक्रम के तहत गुरुवार को टाउन स्थित ऐतिहासिक भटनेर दुर्ग में सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य आमजन में योग के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा 21 जून को मनाए जाने वाले अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के लिए व्यापक जनभागीदारी सुनिश्चित करना है। कार्यक्रम में प्रशासनिक अधिकारियों, मनरेगा टीम के सदस्यों तथा नागरिकों ने हिस्सा लेकर योग किया। आयुर्वेद विभाग की योग प्रशिक्षक हेमलता कंवर एवं शानू मीर के निर्देशन में आयोजित योग सत्र में प्रतिभागियों को कॉमन योग प्रोटोकॉल के अनुसार विभिन्न गतिविधियां करवाई गईं। कार्यक्रम की शुरुआत प्रार्थना से हुई, जिसके बाद शिथिलीकरण अभ्यास, सूर्य नमस्कार, विभिन्न योगासन, प्राणायाम तथा ध्यान का अभ्यास कराया गया। इस दौरान प्रशिक्षकों ने योग के शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक लाभों की जानकारी देते हुए प्रतिभागियों को नियमित रूप से योग करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने बताया कि योग स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का प्रभावी माध्यम है और यह तनावमुक्त तथा संतुलित जीवन जीने में सहायक है। कार्यक्रम का समापन शांति मंत्र के सामूहिक उच्चारण के साथ किया गया। प्रतिभागियों ने नियमित योगाभ्यास कर स्वस्थ जीवन अपनाने का संकल्प भी लिया।
