
नरेन्द्र खिलेरी पुनः उपाध्यक्ष निर्वाचित, हनुमानगढ़ को मिला प्रतिनिधित्व
हनुमानगढ़ (भटनेर एक्सप्रेस) राजस्थान बैडमिंटन संघ के चुनाव शांतिपूर्ण एवं निर्विरोध रूप से सम्पन्न हुए। चुनाव में पूरे प्रदेश के लगभग 30 जिलों के प्रतिनिधियों ने भाग लेकर नई कार्यकारिणी के गठन पर अपनी सहमति जताई। चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद खेल जगत में उत्साह का माहौल देखने को मिला। निर्विरोध सम्पन्न हुए चुनाव में भारत सरकार के कैबिनेट मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत को राजस्थान बैडमिंटन संघ का अध्यक्ष चुना गया। वहीं के.के. शर्मा को सचिव पद की जिम्मेदारी सौंपी गई। हनुमानगढ़ जिले के लिए गौरव का विषय रहा कि वरिष्ठ खेल प्रशासक नरेन्द्र खिलेरी को लगातार एक बार फिर राजस्थान बैडमिंटन संघ का उपाध्यक्ष निर्विरोध निर्वाचित किया गया। उनके पुनर्निर्वाचन से हनुमानगढ़ जिले को प्रदेश स्तर की खेल गतिविधियों और नीतिगत निर्णयों में प्रतिनिधित्व का अवसर प्राप्त हुआ है। चुनाव की एक विशेष उपलब्धि यह भी रही कि राजस्थान बैडमिंटन संघ के इतिहास में पहली बार किसी महिला प्रतिनिधि को महत्वपूर्ण जिम्मेदारी प्रदान की गई। भरतपुर की रेणू लबानियाँ को संयुक्त सचिव नियुक्त किया गया। खेल क्षेत्र से जुड़े लोगों ने इसे महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताते हुए स्वागत किया है। माना जा रहा है कि इससे प्रदेश में महिला खिलाड़ियों और खेल प्रशासकों की भागीदारी को और अधिक प्रोत्साहन मिलेगा। नवनिर्वाचित पदाधिकारियों ने प्रदेश में बैडमिंटन खेल के विकास, ग्रामीण क्षेत्रों तक खेल सुविधाओं के विस्तार तथा प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए मिलकर कार्य करने का संकल्प व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि राजस्थान में बैडमिंटन की लोकप्रियता लगातार बढ़ रही है और संघ खिलाड़ियों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन के लिए आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराने का प्रयास करेगा। हनुमानगढ़ जिले के खेल प्रेमियों और खिलाड़ियों ने नरेन्द्र खिलेरी के पुनः उपाध्यक्ष बनने पर प्रसन्नता व्यक्त की है। विभिन्न खेल संगठनों, खिलाड़ियों तथा खेल प्रशिक्षकों ने उन्हें बधाई देते हुए उम्मीद जताई कि उनके नेतृत्व में जिले के खिलाड़ियों को प्रदेश स्तर पर अधिक अवसर प्राप्त होंगे और बैडमिंटन खेल को नई दिशा मिलेगी।
