
भाजपा ने पीएम आवास योजना व कॉलोनियों में बिजली संकट को लेकर प्रशासन और विद्युत विभाग से की चर्चा
हनुमानगढ़ (भटनेर एक्सप्रेस) भाजपा जिला मंत्री शिमला राकेश मेहंदीरत्ता के नेतृत्व में शहर की बरकत कॉलोनी सहित अन्य विभिन्न कॉलोनियों में लंबित पट्टा प्रकरणों, प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभ से वंचित परिवारों तथा बिजली कटौती की समस्याओं को लेकर जिला प्रशासन, नगर परिषद एवं विद्युत विभाग के समक्ष मांगें रखी गईं। इस संबंध में जिला कलक्टर एवं नगर परिषद आयुक्त को ज्ञापन सौंपकर शहरी सेवा शिविर 2026 के दौरान आमजन को राहत प्रदान करने हेतु आवश्यक कदम उठाने का आग्रह किया गया। ज्ञापन में बताया गया कि इंदिरा कॉलोनी, पारीक कॉलोनी तथा अन्य कच्ची बस्तियों में वर्षों पूर्व जारी किए गए कच्ची बस्ती पट्टों और बाद में हुए कब्जा नियमन के कारण बड़ी संख्या में पट्टा प्रकरण लंबित पड़े हैं। कई भूखंड मूल पट्टाधारकों से पंजीकृत एवं अपंजीकृत दस्तावेजों के माध्यम से आगे हस्तांतरित हो चुके हैं, लेकिन वर्तमान धारकों के नाम नामांतरण नहीं हो पा रहा है। इससे हजारों परिवारों को विभिन्न रकारी योजनाओं का लाभ मिलने में परेशानी हो रही है।शिमला मेहंदीरत्ता ने सुझाव दिया कि पुराने मूल पट्टों और उनसे संबंधित स्तावेजों को समर्पित करवाकर वर्तमान कब्जाधारियों को नए पट्टे जारी किए जाएं। इससे न केवल आमजन को राहत मिलेगी बल्कि नगर परिषद को भी करोड़ों रुपये का राजस्व प्राप्त होगा। उन्होंने कहा कि अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति एवं भूमिहीन परिवारों को वर्ष 1976 में आवंटित भूखंडों के संबंध में भी व्यावहारिक समाधान निकाला जाना चाहिए ताकि वास्तविक निवासियों को स्वामित्व संबंधी अधिकार मिल सकें। ज्ञापन में प्रधानमंत्री आवास योजना 2.0 का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया। भाजपा नेताओं ने कहा कि कई पात्र परिवार केवल पट्टा नहीं होने के कारण योजना के लाभ से वंचित हो रहे हैं, जबकि उनके पास भूमि का स्वामित्व और वास्तविक कब्जा मौजूद है। उन्होंने मांग की कि अन्य नगरपालिकाओं की तर्ज पर ऐसे परिवारों को भी योजना का लाभ दिया जाए ताकि प्रधानमंत्री के प्रत्येक परिवार को पक्का आवास उपलब्ध कराने के संकल्प को साकार किया जा सके। इसी क्रम में भाजपा जिला मंत्री शिमला राकेश मेहंदीरत्ता एवं वरिष्ठ भाजपा कार्यकर्ता महादेव भार्गव ने विद्युत विभाग के एईएन से मुलाकात कर सूर्य नगर, श्याम विहार और इंदिरा कॉलोनी में लगातार हो रही बिजली कटौती की समस्या पर चर्चा की। प्रतिनिधिमंडल ने ट्रांसफार्मरों का लोड जांचने, जर्जर तारों को बदलने तथा तकनीकी खामियों को दूर करने की मांग रखी। एईएन ने बताया कि हाल ही में आई आंधी के कारण ग्रामीण क्षेत्रों में 17 विद्युत खंभे क्षतिग्रस्त हो गए हैं, जिन्हें बदलने का कार्य प्राथमिकता से किया जा रहा है। इसके बाद सूर्य नगर गली नंबर 7 सहित अन्य प्रभावित क्षेत्रों में पुरानी तारों को हटाकर नई रैबिट तारें लगाई जाएंगी। वहीं इंदिरा कॉलोनी की गली नंबर 3 में नया 100 केवी ट्रांसफार्मर भी आगामी दो दिनों में स्थापित किए जाने का आश्वासन दिया गया। भाजपा प्रतिनिधियों ने बिजली व्यवस्था में शीघ्र सुधार की मांग करते हुए आमजन को राहत दिलाने पर जोर दिया । इस मौके पर नगरमण्डल अध्यक्ष नितिन बंसल, महादेव भार्गव, राकेश मेहन्दीरता, शिमला मेहन्दीरता, हिमांशु महर्षि, मण्डल उपाध्यक्ष राजेन्द्र वर्मा, राजपाल सिंह, नरेश सिहाग, हाकम सिंह, नरेश सियाग, विनोद वर्मा, सुभाष पटवारी, अनिल सोनी, अशोक सिंधी, हरिश सोनी, नारायण दास सिंधी, पवन मुंजाल, रामप्रताप स्वामी, राधेश्याम बालोदा, राकेश भाम्भू, ओम भाट, महेंद्र सोनी व मनप्रीत सिकंदर सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद थे।
