
सर्व ब्राह्मण महासभा ने प्रधानमंत्री के नाम सौंपा ज्ञापन, एसआईटी जांच तेज करने और दोषियों की गिरफ्तारी की उठाई मांग
हनुमानगढ़। (भटनेर एक्सप्रेस) नेठराना निवासी मासूम अभिषेक शर्मा हत्याकांड में आरोपियों की गिरफ्तारी और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग को लेकर सर्व ब्राह्मण महासभा ने प्रधानमंत्री के नाम जिला प्रशासन व जिला पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में कहा गया कि गांव नेठराना निवासी अभिषेक शर्मा पुत्र रजनीश शर्मा 10 फरवरी 2026 को घर से खेलने के लिए निकला था, लेकिन कुछ अज्ञात लोगों ने उसकी निर्मम हत्या कर शव को गांव के एक कुएं में डाल दिया। इस दर्दनाक घटना ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया था। महासभा के जिलाध्यक्ष दुर्गा प्रसाद शर्मा ने बताया कि घटना को 127 दिन से अधिक समय बीत जाने के बावजूद पुलिस अब तक हत्यारों तक नहीं पहुंच पाई है। इससे पीड़ित परिवार में निराशा और क्षेत्रवासियों में भारी आक्रोश व्याप्त है। उन्होंने कहा कि परिवार लगातार न्याय की मांग कर रहा है, लेकिन अभी तक मामले में कोई ठोस सफलता सामने नहीं आई है। ज्ञापन में उल्लेख किया गया कि अभिषेक हत्याकांड की निष्पक्ष जांच और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर ग्रामीणों ने गोगामेड़ी थाने के समक्ष लगातार 35 दिनों तक धरना-प्रदर्शन भी किया था। इसके बावजूद जांच में अपेक्षित प्रगति नहीं हो सकी। अब हाल ही में सरकार द्वारा मामले की जांच के लिए विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया है, जिससे पीड़ित परिवार और क्षेत्रवासियों को न्याय मिलने की नई उम्मीद जगी है। सर्व ब्राह्मण महासभा ने प्रधानमंत्री से मांग की है कि गठित एसआईटी को शीघ्र जांच प्रारंभ करने के निर्देश दिए जाएं तथा मामले की गहन और निष्पक्ष जांच कर दोषियों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जाए। साथ ही आरोपियों को कठोर से कठोर सजा दिलाकर पीड़ित परिवार को न्याय प्रदान किया जाए। महासभा पदाधिकारियों ने कहा कि मासूम अभिषेक की हत्या केवल एक परिवार की त्रासदी नहीं बल्कि पूरे समाज के लिए चिंता का विषय है। ऐसी घटनाओं से लोगों में असुरक्षा की भावना पैदा होती है। उन्होंने प्रशासन से मामले को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए शीघ्र खुलासा करने की मांग की, ताकि जनता का कानून व्यवस्था और न्याय प्रणाली पर विश्वास बना रहे। इस मौके पर दुर्गा प्रसाद शर्मा जिलाध्यक्ष, चन्द्रभान तिवारी संगठन महासचिव, रामानंद बोहरा वरिष्ठ उपाध्यक्ष,लोक अभियोजक मनोज शर्मा उपाध्यक्ष ,मूलचंद शर्मा संगठन मंत्री, एडवोकेट भोजराज,अनिल शर्मा विधि सचिव, एडवोकेट मदन पारीक एडवोकेट मनोज शर्मा, महेन्द्र शर्मा उपाध्यक्ष, एडवोकेट हिमांशु शर्मा तहसील अध्यक्ष, लोकराज शर्मा संयुक्त सचिव, साहबराम शर्मा अध्यक्ष डबली, नरेशकुमार शर्मा उपाध्यक्ष युवा प्रकोष्ठ, एडवोकेट रमेश चन्द शर्मा, भगवती प्रसाद शर्मा, बृजलाल शर्मा नूरपुरा, महादेव भार्गव व समाज के काफी संख्या में विप्रजन उपस्थित थे।
