
हनुमानगढ़(भटनेर एक्सप्रेस) लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के जन्मदिवस के मौके पर शुक्रवार को कांग्रेस सेवादल की ओर से नेत्रदान संकल्प शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केक काटकर राहुल गांधी के दीर्घायु एवं स्वस्थ जीवन की कामना की। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पीसीसी सदस्य भूपेंद्र चौधरी, कृष्ण नेहरा, पंचायत समिति के पूर्व प्रधान जयदेव भिड़ासरा, महिला कांग्रेस जिलाध्यक्ष सुलोचना बावरी तथा यशवंत चौधरी रहे। कांग्रेस सेवादल के जिलाध्यक्ष अश्विनी पारीक ने अपनी पत्नी एवं युवा कांग्रेस की प्रदेश महासचिव पुष्पा पारीक के साथ मरणोपरांत नेत्रदान का संकल्प लिया। इस मौके पर अश्विनी पारीक ने कहा कि नेत्रदान मानवता की सबसे बड़ी सेवाओं में से एक है। उन्होंने कहा कि मृत्यु के बाद अपनी आंखें दान कर दृष्टिबाधित व्यक्तियों को रोशनी देना समाज के प्रति एक महत्वपूर्ण योगदान है। मुख्य अतिथि भूपेंद्र चौधरी ने कहा कि नेत्रदान अत्यंत पुण्य का कार्य है। राहुल गांधी के जन्मदिवस पर कांग्रेस सेवादल की ओर से आयोजित यह पहल समाज के लिए प्रेरणादायक और अनुकरणीय है। उन्होंने अधिक से अधिक लोगों से नेत्रदान के लिए आगे आने का आह्वान किया। शिविर के दौरान पूर्व प्रधान जयदेव भिड़ासरा, सेवादल महासचिव महेंद्र चतुर्वेदी एवं उनकी धर्मपत्नी दीपा चतुर्वेदी, उपाध्यक्ष अनिल तिवाड़ी, नवदीप राणा, आमिर खान, यंग ब्रिगेड अध्यक्ष लोकेन्द्र भाटी, जयपाल गिरी, इन्द्रपाल तरड़, राजप्रकाश रोहिल्ला सहित कुल 12 लोगों ने मरणोपरांत नेत्रदान का संकल्प लिया। कार्यक्रम में रोहित स्वामी, रेखा राजपूत, चंदन मोंगा सहित कांग्रेस सेवादल एवं कांग्रेस संगठन के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। आयोजन के दौरान नेत्रदान के महत्व पर प्रकाश डालते हुए लोगों को इस पुनीत कार्य के प्रति जागरूक किया गया।
