
पंचायती राज मंत्रालयिक कर्मचारियों ने सद्बुद्धि यज्ञ कर जताया विरोध
हनुमानगढ़ (भटनेर एक्सप्रेस) पंचायती राज विभाग के मंत्रालयिक कर्मचारियों का राज्यव्यापी आंदोलन लगातार जारी है। आंदोलन के तहत शुक्रवार को जिला परिषद परिसर में पंचायती राज मंत्रालयिक कर्मचारी शाखा हनुमानगढ़ की ओर से सद्बुद्धि यज्ञ का आयोजन किया गया। प्रदेश कार्यकारिणी के आह्वान पर आयोजित इस कार्यक्रम में जिले एवं पंचायत समितियों के मंत्रालयिक कर्मचारियों ने हिस्सा लेकर सरकार एवं विभाग के प्रति अपना विरोध दर्ज कराया। कर्मचारियों ने सद्बुद्धि यज्ञ के माध्यम से सरकार से उनकी न्यायोचित मांगों पर शीघ्र निर्णय लेने की मांग की। कर्मचारियों का कहना है कि केडर रिव्यू कर पदोन्नति के पर्याप्त अवसर प्रदान किए जाएं तथा उत्तराखंड पैटर्न को पूर्ण रूप से लागू किया जाए। जिलाध्यक्ष जगतपाल मान ने बताया कि मंत्रालयिक कर्मचारी 1 जून से विभिन्न मांगों को लेकर आंदोलनरत हैं। कर्मचारियों की मांगों पर अब तक कोई सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया है, जिसके चलते आंदोलन को चरणबद्ध रूप से आगे बढ़ाया जा रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि कर्मचारियों की मांगों का समाधान नहीं किया गया तो 7 जुलाई को जयपुर में महाजल समाधि कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। साथ ही कर्मचारियों ने स्पष्ट किया कि मांगें पूरी होने तक वीबीजी राम जी योजना का पूर्ण बहिष्कार जारी रहेगा। कर्मचारियों के इस निर्णय से विभागीय कार्यांे एवं योजना के क्रियान्वयन पर प्रभाव पडऩे की संभावना जताई जा रही है। इस मौके पर ब्लॉक अध्यक्ष कन्हैया सिंह, अतिरिक्त प्रशासनिक अधिकारी अशोक कुमार, जसपाल सिंह, कनिष्ठ सहायक सुखराम, परविंद्र सिंह, संदीप मूंड, अंजू बिश्नोई, आशा मीणा, चरणजीत कौर, गीता रानी, सुनीता, राकेश ढालिया, संतोख सिंह, आशुतोष, सुनील भारद्वाज, सुरेंद्र थिंद, उत्कर्ष सहित कई अन्य मंत्रालयिक कर्मचारी मौजूद रहे।
