
नशामुक्त भारत सप्ताह के तहत नशा मुक्ति एवं मनोरोग शिविर आयोजित
हनुमानगढ़ (भटनेर एक्सप्रेस) जिला कलक्टर डॉ. खुशाल यादव के निर्देशानुसार नशामुक्त भारत सप्ताह के अंतर्गत राष्ट्रीय मानसिक स्वास्थ्य कार्यक्रम के तहत जिला मानसिक स्वास्थ्य इकाई की ओर से शुक्रवार को टिब्बी के सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में नशा मुक्ति एवं मनोरोग शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में कुल 55 मरीजों को परामर्श, उपचार एवं नि:शुल्क दवाओं का वितरण कर लाभान्वित किया गया। शिविर में वरिष्ठ मनोरोग एवं नशा मुक्ति विशेषज्ञ डॉ. ओपी सोलंकी, बीसीएमओ डॉ. रितिका पारीक, जिला तम्बाकू नियंत्रण प्रकोष्ठ से डीपीओ अंजू बाला, त्रिलोकेश्वर शर्मा, एनसीडी काउंसलर पवन कुमार तथा मीनाक्षी भिड़ासरा ने सेवाएं दी। शिविर के दौरान डॉ. ओपी सोलंकी ने मरीजों एवं उनके परिजनों को मानसिक रोगों, नशे की लत के दुष्प्रभावों तथा उपलब्ध उपचार सुविधाओं के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि प्रत्येक माह के तीसरे शुक्रवार को आयोजित होने वाले नशा मुक्ति एवं मनोरोग शिविरों के माध्यम से मरीजों को विशेषज्ञ परामर्श एवं उपचार उपलब्ध कराया जाता है। उन्होंने लोगों से समय पर उपचार एवं नियमित काउंसलिंग के माध्यम से नशा छोडऩे का संकल्प लेने का आह्वान किया। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. नवनीत शर्मा ने बताया कि शिविर में विभिन्न मानसिक एवं नशा संबंधी समस्याओं से ग्रसित मरीजों की जांच कर आवश्यक उपचार प्रदान किया गया। कुल 15 नशा पीडि़त मरीजों का उपचार किया गया, जिनमें से एक मरीज ने नशा छोडऩे की इच्छा व्यक्त की। विशेषज्ञों की ओर से उसकी विस्तृत काउंसलिंग कर आवश्यक दवाएं उपलब्ध कराई गईं तथा नशामुक्त जीवन अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। इसके अतिरिक्त राष्ट्रीय मानसिक स्वास्थ्य कार्यक्रम के तहत नियमित उपचार प्राप्त कर रहे 36 मरीजों का फॉलोअप किया गया तथा उन्हें आवश्यक दवाओं का वितरण किया गया। विशेषज्ञों ने मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने, तनाव का प्रभावी प्रबंधन करने तथा किसी भी प्रकार के मानसिक रोग के लक्षण दिखाई देने पर तुरंत चिकित्सकीय सलाह लेने की अपील की। शिविर में मौजूद लोगों को मानसिक एवं पारिवारिक समस्याओं के समाधान के लिए भारत सरकार की टोल फ्री मानसिक स्वास्थ्य हेल्पलाइन 1800-891-4416 की जानकारी भी दी गई तथा आवश्यकता पडऩे पर इसका उपयोग करने के लिए प्रेरित किया गया।
