
एसआईटी जांच तेज करने और दोषियों की गिरफ्तारी की उठाई मांग
हनुमानगढ़ (भटनेर एक्सप्रेस) नेठराना निवासी मासूम अभिषेक शर्मा हत्याकांड में आरोपियों की गिरफ्तारी और पीडि़त परिवार को न्याय दिलाने की मांग को लेकर सर्व ब्राह्मण महासभा ने शुक्रवार को प्रधानमंत्री के नाम एडीएम व पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपा। महासभा पदाधिकारियों ने बताया कि कि गांव नेठराना निवासी अभिषेक शर्मा पुत्र रजनीश शर्मा 10 फरवरी को घर से खेलने के लिए निकला था, लेकिन कुछ अज्ञात लोगों ने उसकी हत्या कर शव को गांव के एक कुएं में डाल दिया। इस दर्दनाक घटना ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया था। महासभा के जिलाध्यक्ष दुर्गा प्रसाद शर्मा ने बताया कि घटना को 127 दिन से अधिक समय बीत जाने के बावजूद पुलिस अब तक हत्यारों तक नहीं पहुंच पाई है। इससे पीडि़त परिवार में निराशा और क्षेत्रवासियों में भारी आक्रोश व्याप्त है। परिवार लगातार न्याय की मांग कर रहा है, लेकिन अभी तक मामले में कोई ठोस सफलता सामने नहीं आई है। अभिषेक हत्याकांड की निष्पक्ष जांच और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर ग्रामीणों ने गोगामेड़ी थाने के समक्ष लगातार 35 दिनों तक धरना-प्रदर्शन भी किया था। इसके बावजूद जांच में अपेक्षित प्रगति नहीं हो सकी। अब हाल ही में सरकार की ओर से मामले की जांच के लिए विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया है, जिससे पीडि़त परिवार और क्षेत्रवासियों को न्याय मिलने की नई उम्मीद जगी है। सर्व ब्राह्मण महासभा ने प्रधानमंत्री से मांग की है कि गठित एसआईटी को शीघ्र जांच प्रारंभ करने के निर्देश दिए जाएं तथा मामले की गहन और निष्पक्ष जांच कर दोषियों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जाए। साथ ही आरोपियों को कठोर से कठोर सजा दिलाकर पीडि़त परिवार को न्याय प्रदान किया जाए। इस मौके पर चन्द्रभान तिवारी, रामानंद बोहरा, मूलचंद शर्मा, एडवोकेट भोजराज, मनोज शर्मा, अनिल शर्मा, मदन पारीक, महेन्द्र शर्मा, हिमांशु शर्मा, लोकराज शर्मा, साहबराम शर्मा, नरेश शर्मा, रमेश चन्द शर्मा, भगवती प्रसाद शर्मा, बृजलाल शर्मा, महादेव भार्गव मौजूद थे।
