
हनुमानगढ़ (भटनेर एक्सप्रेस) राजस्थान वरिष्ठ शिक्षक संघ (RSTA) के प्रतिनिधिमंडल ने आज उप जिला जनगणना अधिकारी एवं उप निदेशक (सांख्यिकी विभाग) डॉ. ममता बिश्नोई को ज्ञापन सौंपकर जनगणना कार्य में लगे नव पदोन्नत व्याख्याताओं एवं शिक्षकों को शीघ्र कार्यमुक्त करने की मांग की। संघ के जिला अध्यक्ष गोपाल शर्मा एवं जिला उपाध्यक्ष एस.पी. बिश्नोई के नेतृत्व में सौंपे गए ज्ञापन में बताया गया कि जनगणना कार्य में कार्यरत अनेक वरिष्ठ अध्यापक हाल ही में व्याख्याता पद पर पदोन्नत हुए हैं, लेकिन जनगणना दायित्वों के कारण वे अपने नवीन पदस्थापन स्थानों पर कार्यग्रहण नहीं कर पा रहे हैं। इससे शिक्षा व्यवस्था एवं संबंधित शिक्षकों दोनों को असुविधा का सामना करना पड़ रहा है। प्रतिनिधिमंडल ने मांग की कि ऐसे सभी पदोन्नत शिक्षकों को प्राथमिकता के आधार पर जनगणना कार्य से कार्यमुक्त किया जाए, ताकि वे अपने नए पदों पर समय पर कार्यभार ग्रहण कर सकें। इस अवसर पर डॉ. ममता बिश्नोई ने प्रतिनिधिमंडल की बात को गंभीरता से सुनते हुए सकारात्मक आश्वासन दिया। उन्होंने बताया कि मामले को प्राथमिकता से लेते हुए आवश्यक कार्रवाई की जाएगी तथा संबंधित अधिकारियों को शीघ्र निर्देश जारी करने का प्रयास किया जाएगा। राजस्थान वरिष्ठ शिक्षक संघ ने प्रशासन द्वारा दिए गए सकारात्मक आश्वासन का स्वागत करते हुए आशा व्यक्त की कि पदोन्नत शिक्षकों को जल्द ही कार्यमुक्त कर उनकी नई जिम्मेदारियों के निर्वहन का मार्ग प्रशस्त किया जाएगा। संघ का कहना है कि पदोन्नत शिक्षकों को समय पर कार्यमुक्त करना न केवल उनके हित में है, बल्कि विद्यालयों में शैक्षणिक व्यवस्था को भी सुदृढ़ बनाने में सहायक सिद्ध होगा।
