
मोदी सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने पर जनसंपर्क अभियान चलाया, योजनाओं की दी जानकारी
हनुमानगढ़ (भटनेर एक्सप्रेस) भारतीय जनता पार्टी ओबीसी मोर्चा के प्रदेश महामंत्री रामेश्वर गुर्जर ने हनुमानगढ़ प्रवास के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में जनसंपर्क अभियान चलाकर आमजन से संवाद किया। इस दौरान उन्होंने केंद्र सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए लोगों से योजनाओं के लाभ और प्रभाव को लेकर फीडबैक भी लिया। रामेश्वर गुर्जर ने कहा कि पिछले 12 वर्षों में केंद्र सरकार ने गरीब, किसान, युवा, महिला और वंचित वर्गों के उत्थान के लिए अनेक योजनाएं संचालित की हैं, जिनका लाभ देश के करोड़ों लोगों तक पहुंचा है। उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला योजना, आयुष्मान भारत, किसान सम्मान निधि सहित विभिन्न योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि इन योजनाओं ने आमजन के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने का कार्य किया है। अपने प्रवास के दौरान गुर्जर टाउन स्थित गुरुद्वारा शहीद बाबा सुखा सिंह एवं शहीद बाबा महताब सिंह पहुंचे, जहां उन्होंने मत्था टेककर क्षेत्र की खुशहाली की कामना की। इसके अलावा उन्होंने रात्रि चौपाल और योग कार्यक्रमों में भी भाग लिया तथा स्थानीय लोगों से विभिन्न विषयों पर चर्चा की। कार्यक्रम में ओबीसी मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष चेतन कुमावत और प्रदेश प्रवक्ता जसप्रीत सिंह ने भी विभिन्न आयोजनों में भाग लेते हुए संगठन की गतिविधियों और सरकार की उपलब्धियों पर प्रकाश डाला। वहीं भाजपा के मन की बात कार्यक्रम संयोजक विजेंद्र चौधरी भी पूरे कार्यक्रम के दौरान उनके साथ मौजूद रहे। नसंपर्क अभियान के दौरान भाजपा नेताओं ने राज्य सरकार द्वारा कराए जा रहे विकास कार्यों का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश में आधारभूत ढांचे को मजबूत करने की दिशा में कई महत्वपूर्ण कार्य किए जा रहे हैं। विशेष रूप से नहरों के जीर्णोद्धार और सिंचाई सुविधाओं के विस्तार को किसानों के लिए लाभकारी बताते हुए कहा कि इससे कृषि क्षेत्र को मजबूती मिलेगी और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को गति प्राप्त होगी। भाजपा नेताओं ने दावा किया कि केंद्र और राज्य सरकार की जनहितकारी नीतियों तथा विकास कार्यों का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए पार्टी कार्यकर्ता निरंतर जनसंपर्क कर रहे हैं। अभियान के दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों से संवाद स्थापित कर उनकी समस्याएं और सुझाव भी सुने गए। कार्यक्रम का उद्देश्य सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाना तथा आमजन की राय प्राप्त करना रहा।
