
स्पाइन सर्जरी के भ्रम और कैंसर की समय पर पहचान पर विशेषज्ञों ने दी महत्वपूर्ण जानकारी
हनुमानगढ़ (भटनेर एक्सप्रेस) राजस्थान पेंशनर समाज, कलेक्ट्री परिसर, हनुमानगढ़ जंक्शन द्वारा शनिवार को स्वास्थ्य जागरूकता व्याख्यान का आयोजन जंक्शन में किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य आमजन, विशेष रूप से वरिष्ठ नागरिकों को स्वास्थ्य संबंधी महत्वपूर्ण विषयों के प्रति जागरूक करना रहा। व्याख्यान में बड़ी संख्या में पेंशनर्स एवं नागरिकों ने भाग लेकर विशेषज्ञों की बातों को ध्यानपूर्वक सुना। कार्यक्रम में मनिपाल हॉस्पिटल के स्पाइन सर्जन डॉ. मुकेश हरितवाल ने “स्पाइन सर्जरी से जुड़े आम भ्रम एवं उनकी सच्चाई” विषय पर विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कहा कि रीढ़ की हड्डी से संबंधित समस्याओं को लेकर लोगों में अनेक भ्रांतियां व्याप्त हैं, जिसके कारण कई मरीज समय पर उपचार नहीं ले पाते। उन्होंने आधुनिक चिकित्सा तकनीकों, सर्जरी की आवश्यकता, उसके लाभ तथा सावधानियों के बारे में सरल भाषा में जानकारी प्रदान की। डॉ. हरितवाल ने बताया कि समय पर चिकित्सकीय परामर्श और उचित उपचार से अधिकांश समस्याओं का सफल समाधान संभव है। वहीं ऑन्को सर्जन डॉ. संजय शर्मा ने “कैंसर की स्क्रीनिंग एवं समय पर पहचान का महत्व” विषय पर संबोधित करते हुए कहा कि कैंसर जैसी गंभीर बीमारी के उपचार में शुरुआती पहचान सबसे महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। उन्होंने विभिन्न प्रकार के कैंसर, उनके प्रारंभिक लक्षणों तथा नियमित स्वास्थ्य जांच की आवश्यकता पर प्रकाश डाला। उन्होंने उपस्थित लोगों से स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने और किसी भी असामान्य लक्षण को नजरअंदाज नहीं करने का आग्रह किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता राजस्थान पेंशनर समाज के अध्यक्ष अशोक कुमार खत्री ने की। उन्होंने कहा कि ऐसे जागरूकता कार्यक्रम समाज में स्वास्थ्य संबंधी जानकारी बढ़ाने और लोगों को बेहतर जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करते हैं। महासचिव ललित कुमार चड्डा तथा कोषाध्यक्ष गौरी शंकर ने भी आयोजन की सराहना करते हुए भविष्य में भी इस प्रकार के कार्यक्रम आयोजित करने की बात कही। कार्यक्रम के अंत में आयोजन समिति सदस्य रमेश दर्गन ने सभी अतिथियों, वक्ताओं एवं उपस्थितजनों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि समाज के हित में स्वास्थ्य जागरूकता अभियान निरंतर जारी रहेंगे ताकि अधिक से अधिक लोग स्वास्थ्य संबंधी सही जानकारी प्राप्त कर सकें और स्वस्थ जीवन जी सकें। इस मौके पर मुख्य संरक्षक राम लुभाया कक्कड़, जिलाध्यक्ष अशोक कुमार खत्री, उपाध्यक्ष रमेश कुमार, मंत्री ललित कुमार चढ़ा, गौरी शंकर, प्रचारमंत्री गुरदीप सिंह, राजेंद्र मुंजाल, यादवेंद्र सिंह, ओपी अरोड़ा, रविकांत बिश्नोई तथा अन्य पेंशनर मौजूद थे।
