
ओवरफ्लो सीवरेज और सडक़ों पर बहते गंदे पानी से आमजन परेशान
हनुमानगढ़ (भटनेर एक्सप्रेस) जिला मुख्यालय पर सीवरेज व्यवस्था की बदहाल स्थिति आमजन के लिए परेशानी और खतरे का कारण बनती जा रही है। शहर के विभिन्न क्षेत्रों में टूटे और क्षतिग्रस्त सीवरेज ढक्कनों तथा खुले चैंबरों के चलते दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ गई है। वहीं कई स्थानों पर सीवरेज ओवरफ्लो होने से गंदा पानी सडक़ों पर बह रहा है, जिससे लोगों को आवागमन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। शहरवासियों का कहना है कि सीवरेज परियोजना पर करोड़ों रुपए खर्च किए जाने के बावजूद व्यवस्था में अपेक्षित सुधार दिखाई नहीं दे रहा है। जगह-जगह टूटे ढक्कन और ओवरफ्लो सीवरेज नगर परिषद की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर रहे हैं। गंदे पानी के कारण न केवल यातायात प्रभावित हो रहा है, बल्कि आसपास के क्षेत्रों में दुर्गंध और संक्रमण फैलने का भी खतरा बना हुआ है। पूर्व पार्षद सुरेश धमीजा ने आरोप लगाया कि इस संबंध में कई बार नगर परिषद अधिकारियों को शिकायतें दी जा चुकी हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। उनका कहना है कि लगातार शिकायतों के बावजूद समस्याओं का समाधान नहीं होना प्रशासनिक उदासीनता को दर्शाता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि खुले और क्षतिग्रस्त सीवरेज चैंबर किसी भी समय बड़े हादसे का कारण बन सकते हैं। विशेषकर रात के समय और बरसात के दौरान इन स्थानों पर दुर्घटना की आशंका और बढ़ जाती है। वार्डवासियों ने जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए क्षतिग्रस्त ढक्कनों की तत्काल मरम्मत तथा सीवरेज व्यवस्था को दुरुस्त करने की मांग की है। शहरवासियों का कहना है कि यदि समय रहते समस्या का समाधान नहीं किया गया तो किसी बड़े हादसे से इनकार नहीं किया जा सकता। लोगों ने नगर परिषद से जनहित को ध्यान में रखते हुए जल्द आवश्यक कदम उठाने की मांग की है।
